स्मार्टवॉच की मदद से पहले ही चल सकता है COVID-19 जैसी महामारियों का पता- अध्ययन
क्या है खबर?
स्मार्टवॉच केवल एक फैशन एक्सेसरी ही नहीं हैं, बल्कि उनकी समय दिखाने के अलावा भी कई विशेषताएं होती हैं। उनमें हृदय गति, ऑक्सीजन स्तर, फिटनेस स्तर और नींद की गुणवत्ता को मापने वाले फीचर होते हैं। ये उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित होती हैं, जो अपनी सेहत पर नजर रखना पसंद करते हैं। हालांकि, एक नए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि स्मार्टवॉच महामारी जैसी संभावित स्वास्थ्य आपदाओं को रोक भी सकती हैं।
अध्ययन
स्मार्टवॉच के सेंसर लगा सकते हैं बीमारियों का पता
PNAS नेक्सस पत्रिका में अध्ययन प्रकाशित हुआ था। इसे टेक्सास ए एंड एम विश्वविद्यालय और स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मिलकर पूरा किया था। इससे पता चला है कि स्मार्टवॉच के स्वास्थ्य ऐप और सेंसर इतने कारगर होते हैं कि उनकी मदद से यह सटीक रूप से पता लगाया जा सकता है कि कोई व्यक्ति COVID-19 या फ्लू जैसी बीमारी से संक्रमित है या नहीं। ये घड़ियां संक्रमण के 12 घंटे के अंदर ही महामारियों का पता लगा सकती हैं।
प्रक्रिया
स्मार्टवॉच बीमारियों को फैलने से रोकने में कैसे हैं मददगार?
शोधकर्ताओं ने एक कम्प्यूटेशनल मॉडल का उपयोग करके यह पता लगाया कि स्मार्टवॉच COVID-19 और इन्फ्लूएंजा जैसी महामारियों को फैलने से कैसे रोक सकती हैं। नतीजों से सामने आया कि स्मार्टवॉच के सेंसर संक्रमित लोगों को पहले से ही बीमारी की चेतावनी दे सकते हैं। इससे वे क्वारंटाइन होने के लिए प्रेरित होते हैं, जिससे बीमारी फैलाने की संभावना बहुत कम हो जाती है और महामारी फैलने के जोखिम को लगभग 50 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है।
महामारी
स्मार्टवॉच पहनने से शुरुआत से पहले ही खत्म हो जाएगी महामारी
अगर बड़े पैमाने पर इनका उपयोग किया जाए तो स्मार्टवॉच महामारी शुरू होने से पहले ही उन्हें प्रभावी रूप से समाप्त कर सकती हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि ये लोगों को सावधानी बरतने के लिए चेतावनी देती हैं, जिसके कारण वह समय पर जांच करवा सकते हैं और सही उपचार पा सकते हैं। स्मार्टवॉच पहनने से लोग इलाज करवाने और क्वारंटाइन होने को ज्यादा गंभीरता से लेंगे, जिससे बीमारियां फैलने के बजाय जल्द खत्म हो जाएंगी।
शोधकर्ता
अन्य बीमारियों का पता लगाने में भी मदद कर सकती हैं स्मार्टवॉच
शोधकर्ताओं ने कहा, "कई लोग बीमार होने के बाद भी औरों से दूरी बनाने की सलाह को नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, स्मार्टवॉच पहनने से आप वास्तविक समय में उच्च स्तर की सटीकता के साथ अपनी बीमारी का पता लगा सकते हैं, जिससे आपको सही कदम उठाने की प्रेरणा भी मिलेगी।" उन्होंने आगे कहा, "अभी हमने अध्ययन को केवल 2 रोगों पर केंद्रित किया है। हालांकि, RSV सहित कई अन्य बीमारियों के निदान में भी स्मार्टवॉच मददगार हो सकती हैं।"