स्कैंडिनेवियाई स्कार्फ असल में है हमारा देसी दुपट्टा, इसे गाउन के साथ ऐसे करें स्टाइल
क्या है खबर?
अमेरिका में महिलाओं ने एक नया टिक-टॉक फैशन ट्रेंड अपनाना शुरू कर दिया है, जिसे स्कैंडिनेवियाई स्कार्फ नाम दिया गया है।
इस ट्रेंड को लेकर इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है और भारतीय महिलाएं इसपर सवाल खड़े कर रही हैं। उनका कहना है कि यह असल में भारतीय दुपट्टा ही है, जिसे अब पश्चिमी देश अपना बताकर मशहूर करना चाह रहे हैं।
आज के फैशन टिप्स में जानिए आप दुपट्टे को गाउन के साथ कैसे स्टाइल कर सकती हैं।
ट्रेंड
क्या होता है स्कैंडिनेवियाई स्कार्फ?
इस साल पश्चिमी महिलाएं स्कैंडिनेवियाई स्कार्फ पहनना पसंद कर रही हैं। वे सिल्क या सैटिन जैसे कपड़ों से बनी ड्रेस या गाउन के साथ दुपट्टा ओढ़कर उसे स्कार्फ का नाम दे रही हैं।
वे इस ट्रेंड को पसंद तो बहुत कर रही हैं, लेकिन इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं कि यह भारतीय पहनावे का हिस्सा है।
भारतीय महिलाएं इस ट्रेंड की निंदा करते हुए कह रही हैं कि यह स्कैंडिनेवियाई नहीं, बल्कि भारतीय कपड़ा है।
#1
गले में पहनें
गाउन के साथ दुपट्टे को कैरी करने का सबसे आसान तरीका है उसे गले में पहन लेना। आप चाहें तो पूरे दुपट्टे को समेटकर गले में लटका सकती हैं, जिससे उसके दोनों छोर आपके दोनों कंधों पर लटके हों।
इस तरह से दुपट्टे को ओढ़ना ही पश्चिमी महिलाओं के बीच सबसे ज्यादा प्रचिलित हो रहा है। इसके अलावा, आप इसे किसी एक कंधे पर भी ओढ़ सकती हैं, जिससे दूसरा कंधा खुला हुआ ही रहेगा।
#2
हाथों में लटकाएं
2000 का दशक फैशन के मायने में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह वही समय था, जब प्रियंका चोपड़ा जैसी अदाकाराएं गाउन के साथ दुपट्टे को स्टाइल करके सबसे सुंदर दिखा करती थीं।
उनके जैसा लुक पाने के लिए आपको अपना दुपट्टा अपने दोनों हाथों के बीच में रखना होगा। दुपट्टे को पीछे की ओर से ले जाते हुए दोनों हाथों की कोहनियों पर लपेटें।
इससे आपको एक मॉडल जैसा लुक मिल जाएगा।
#3
जैकेट बना लें
अगर आपका गाउन बिना बाजुओं वाला है तो आप उसके साथ दुपट्टे की जैकेट बनाकर पहन सकती हैं। इसके लिए आपको सिलाई करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
इसके लिए दुपट्टे के दोनों किनारों को सेफ्टी पिन की मदद से जोड़ लें। पहले दुपट्टे को गले में डालें और उसके आगे वाले हिस्से को भी गले के पिछले हिस्से पर डालें।
अब बाजुओं के पास के दुपट्टे को आगे की ओर लाएं और गांठ बांध दें।
#4
सिर पर ओढ़ें
गर्मी के दिनों में आप गाउन पहनते समय सिर को ढकने के लिए भी दुपट्टे का इस्तेमाल कर सकती हैं। दुपट्टे को सिर पर ओढ़ना स्टाइलिश दिखने का भी अच्छा तरीका होता है।
आप इसे किसी स्कार्फ की तरह सिर पर पहन सकती हैं, बंडाना की तरह बांध सकती हैं या इटली की महिलाओं जैसे स्टाइल कर सकती हैं।
इस तरह पहने जाने पर दुपट्टा एक क्लासी लुक देता है और धूप से भी बचाव करता है।