प्रपोज डे पर अपने पार्टनर से कहनी है दिल की बात? अपनाएं ये 5 रोमांटिक तरीके
क्या है खबर?
आज वैलेंटाइन वीक का दूसरा दिन है, जिसे प्रपोज डे के रूप में मनाया जाता है।
इस प्यार भरे दिन पर प्रेमी जोड़े एक दूसरे से अपनी दिल की बात कहते हैं और प्यार का इजहार करते हैं।
अपने पार्टनर को प्रपोज करने के लिए आप किसी बर्फीली जगह पर जा सकते हैं या समुद्र तट का रुख कर सकते हैं।
अगर आप प्रेमी-प्रेमिका से अपने दिल की बात कहने के तरीके तलाश रहे हैं तो ये 5 विकल्प अपनाएं।
#1
समुद्र तट पर लेकर जाएं
अगर आपके पार्टनर को समुद्री इलाके पसंद हैं तो आप उन्हें प्रपोज करने के लिए किसी समुद्र तट की यात्रा पर ले जा सकते हैं।
प्यार का इजहार करने के लिए किसी शांत और कम भीड़-भाड़ वाले समुद्र तट का चुनाव करना सही रहता है।
इससे अपने खास पल का आनंद लेने का मौका भी मिलता है और संकोच भी महसूस नहीं होता है।
पार्टनर को प्रपोज करने के लिए अंडमान-निकोबार, दक्षिण गोवा या लक्षद्वीप का रुख करें।
#2
सितारों भरी रात में प्रपोज करें
अगर आपका बजट कम है और आप अपने पार्टनर को एक शानदार प्रपोजल देना चाहते हैं तो यह तरीका अपनाएं।
आप अपने शहर में मौजूद किसी सुंदर स्थान पर जा सकते हैं या घर की छत पर रोमांटिक सजावट करवा सकते हैं।
रात में टिमटिमाते सितारों के बीच खड़े हो कर अपने दिल की बात कहें। इस रोमांटिक प्रपोजल को आपके पार्टनर न नहीं कह पाएंगे।
पार्टनर को शादी के लिए प्रपोज करना चाहते हैं तो इन जगहों पर जाएं।
#3
घर वालों के सामने प्यार का इजहार करें
शादी जैसा अहम फैसला परिवार वालों की मौजूदगी में लिया जाए तो प्रेमी जोड़े को उनका आशीर्वाद भी मिल जाता है।
ऐसे में आपको प्रपोजल की प्लानिंग में अपने और अपने पार्टनर के घर वालों को भी शामिल करना चाहिए।
उनकी मदद लेकर ही सजावट करवाएं, अंगूठी बनवाएं और जगह का चुनाव करें। अब घर वालों के सामने ही घुटनों पर बैठ कर अपने पार्टनर से अपने दिल की बात कहें।
#4
कैंडल लाइट डिनर प्लान करें
कैंडल लाइट डिनर सबसे रोमांटिक डेट होती है, जो प्यार का इजहार करने के लिए सबसे बढ़िया रहती है। आप इस तरीकों को अपनाकर अपने पार्टनर का दिल जीत सकते हैं।
किसी शानदार होटल में कैंडल लाइट डिनर की सजावट करवाएं, अपने पार्टनर का पसंदीदा खाना आर्डर करें और उन्हें अंगूठी पहनाकर अपना बना लें।
आप उनकी ड्रिंक के गिलास में अंगूठी रखकर उन्हें सरप्राइज कर सकते हैं, जो बेहद फिल्मी तरीका होता है।
#5
बर्फीले इलाकों का रुख करें
बर्फीले इलाकों में प्यार का इजहार करना सबसे रोमांटिक हो सकता है। आप इस खास मौके पर अपने पार्टनर को कश्मीर, मनाली या नैनीताल जैसे पहाड़ी इलाकों की यात्रा पर ले जा सकते हैं।
सर्दियों के दौरान यहां बर्फबारी भी होती है, जिसके जरिए आपका प्रपोजल और भी शानदार बन सकता है। अपने पार्टनर को बर्फ के बीच प्रपोज करें और सुंदर-सी अंगूठी पहनाएं।
इस प्रपोजल को वह न नहीं कह पाएंगे और आपका रिश्ता भी मजबूत हो जाएगा।