Loading...
घर पर आसानी से बनाएं नारियल के लड्डू, जानें रेसिपी
घर पर नारियल के लड्डू बनाने का तरीका

घर पर आसानी से बनाएं नारियल के लड्डू, जानें रेसिपी

लेखन अंजली
Oct 13, 2026
10:08 am

क्या है खबर?

नवरात्रि का त्योहार शुरू हो चुका है और इस दौरान लोग मां दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा करते हैं। साथ ही उपवास भी रखते हैं। ऐसे में अगर मां दुर्गा को प्रसाद के तौर पर कुछ बनाना चाहते हैं तो घर पर नारियल के लड्डू बनाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भरपूर है। आइए नारियल के लड्डू की रेसिपी जानते हैं।

सामग्रियां

नारियल के लड्डू बनाने के लिए जरूरी चीजें

एक कप कदूकस किया हुआ नारियल, एक कप चीनी का पाउडर, आधा कप दूध, एक चौथाई छोटी चम्मच इलायची का पाउडर, थोड़े बादाम (बारीक कटे हुए), थोड़े काजू (बारीक कटे हुए) और थोड़े पिस्ता (बारीक कटे हुए)।

आप चाहें तो इस रेसिपी के लिए चीनी की जगह गुड़ का पाउडर इस्तेमाल कर सकते हैं और सामग्रियों की मात्रा को अपने मन मुताबिक कम या ज्यादा कर सकते हैं।

स्टेप-1

इस तरह से नारियल के लड्डू बनाना शुरू करें

सबसे पहले एक पैन में दूध को गर्म करें, फिर उसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब मिश्रण को मध्यम आंच पर पकाएं और जब यह गाढ़ा हो जाए तो उसमें इलायची का पाउडर मिलाएं।

इसके बाद इसमें कदूकस किया हुआ नारियल डालकर अच्छी तरह मिलाएं और मिश्रण को धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक पकाएं। जब मिश्रण से तेल निकलने लगे तो गैस बंद कर दें।

ADVERTISEMENT

स्टेप-2

इस तरह से नारियल के लड्डू को दें आकार

अब मिश्रण को एक प्लेट में डालकर ठंडा होने के लिए छोड़ दें। जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो इससे छोटे-छोटे गोल लड्डू बनाकर उन पर बादाम, काजू और पिस्ता सजाकर उन्हें परोसें।

आप चाहें तो इन लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में रखकर भी सुरक्षित रख सकते हैं और जब मन चाहें उनका सेवन करें।

ADVERTISEMENT

अन्य तरीके

नारियल के लड्डू के अन्य तरीके

अगर आप नारियल के लड्डुओं को थोड़े अलग तरीके से बनाना चाहते हैं तो आप उनमें सूखे मेवे, मेवा का पाउडर या फिर नारियल के साथ अन्य सूखे मेवे जैसे खुबानी, किशमिश, खजूर आदि डालकर बना सकते हैं।

इसके अलावा आप चाहें तो नारियल के लड्डुओं को दूध पाउडर या खोया के साथ भी बना सकते हैं। यह लड्डू आपके त्योहार को खास बनाएंगे।

ADVERTISEMENT