Page Loader
सावन 2023: देश के मशहूर शिव मंदिर, जहां हमेशा लगा रहता है भक्तों का तांता 
सावन में इन 5 शिव मंदिरों का करें रुख

सावन 2023: देश के मशहूर शिव मंदिर, जहां हमेशा लगा रहता है भक्तों का तांता 

लेखन अंजली
Jul 06, 2023
05:04 pm

क्या है खबर?

भगवान शिव को समर्पित सावन का पवित्र महीना शुरू हो चुका है और यह हिंदुओं के लिए बहुत महत्व रखता है। इस मौके पर कई लोग भगवान शिव की पूजा करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए हिमालय या प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों का रुख करते हैं। अगर आप भी शिव मंदिर जाने की योजना बना रहे हैं तो आइए आज हम आपको देश के 5 सबसे प्रसिद्ध मंदिरों के बारे में बताते हैं, जहां हर शिव भक्त को जरूर जाना चाहिए।

#1

बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर (झारखंड) 

झारखंड के देवघर के शिवगंगा मोहल्ले में स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर को ज्योतिर्लिंग और शक्तिपीठ दोनों के रूप में जाना जाता है। इस मंदिर में 72 फीट ऊंची पिरामिडनुमा मीनार है और इसके शीर्ष पर 3 सोने के छत्र और 1 पंचशूला भी है। यहां हर साल जुलाई और अगस्त के महीनों के दौरान श्रावण मेले का आयोजन किया जाता है, जो पूरे भारत से लाखों भक्तों को आकर्षित करता है।

#2

सोमनाथ मंदिर (गुजरात)

सोमनाथ मंदिर, जिसे देव पाटन के नाम से भी जाना जाता है। यह गुजरात के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यह भगवान शिव को समर्पित है और इसे 12 ज्योतिर्लिंगों में गिना जाता है। यहां महाशिवरात्रि का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। भव्य सोमनाथ महोत्सव का अनुभव करने के लिए देशभर से लोग मंदिर में जमा होते हैं। सावन के दौरान भी सोमनाथ मंदिर में लोगों का तांता लगा रहता है।

#3

लिंगराज मंदिर (ओडिशा) 

भुवनेश्वर का सबसे बड़ा मंदिर लिंगराज मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यह विभिन्न त्योहारों के भव्य उत्सव के लिए एक स्थल के रूप में कार्य करता है। अभी सावन का महीना चल रहा है तो इस दौरान मंदिर में कांवड़ यात्री इकट्ठा होते हैं और महानदी से पानी मंदिर में लाते हैं। बता दें कि यह मंदिर ओडिशा के राजधानी भुवनेश्वर के लिंगराज नगर में स्थित है।

#4

काशी विश्वनाथ मंदिर (उत्तर प्रदेश)

उत्तर प्रदेश में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर एक धार्मिक स्थल होने के साथ-साथ ऐतिहासिक स्थल भी है, जो भगवान शिव को समर्पित है। इस मंदिर में विराजित ज्योतिर्लिंग देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जिसकी वजह से इस मंदिर को वाराणसी का सबसे खास मंदिर कहा जाता है। काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रतिदिन लगभग 3,000 भक्त आते हैं और खास उत्सव पर इस मंदिर में आने वाले लोगों की संख्या करीब एक लाख तक हो जाती है।

#5

त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर (महाराष्ट्र) 

महाराष्ट्र का त्र्यंबकेश्वर मंदिर ब्रह्मगिरि, नीलगिरि और कालागिरि की पहाड़ियों के बीच में स्थित है। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह मंदिर बाकी शिव मंदिर से बहुत अनूठा माना जाता है क्योंकि इसमें भगवान ब्रह्मा (निर्माता), भगवान विष्णु (संरक्षक) और भगवान महेश (संहारक) का प्रतिनिधित्व करने वाले 3 देवता हैं। यही नहीं, इस मंदिर की बनावट और इसके आसपास का वातावरण भी मंत्रमुग्ध कर देने वाला है।