Page Loader
गुड़ के पोषक तत्व त्वचा को भी बना सकते हैं स्वस्थ, जानिए इस्तेमाल के तरीके

गुड़ के पोषक तत्व त्वचा को भी बना सकते हैं स्वस्थ, जानिए इस्तेमाल के तरीके

लेखन सयाली
Mar 23, 2025
03:09 pm

क्या है खबर?

गुड़ गन्ने से बना खाद्य पदार्थ है, जिसके जरिए खाने में मिठास जोड़ी जाती है। यह भारतीय खान-पान का अहम हिस्सा है, जिसे अक्सर चीनी के स्वस्थ विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। क्या आप जानते हैं कि यह त्वचा की देखभाल में भी मदद कर सकता है? जी हां, गुड़ टैनिंग को मिटा सकता है, मुंहासे दूर कर सकता है और त्वचा में निखार ला सकता है। आप इसे इन 5 तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं।

#1

गुड़ और बेसन का स्क्रब

सामग्री: एक चम्मच गुड़ का पाउडर, एक चम्मच बेसन और एक चम्मच नींबू का रस। विधि: गुड़ का कारगर फेस स्क्रब तैयार करने के लिए सबसे पहले इसका पाउडर बना लें। आप बाजार में मिलने वाला पाउडर भी खरीद सकते हैं। एक कटोरी में गुड़ का पाउडर, नींबू का रस और बेसन मिलाएं और चेहरे पर लगाएं। हल्के हाथों से इसे रगड़ें और पानी की मदद से धो लें। फायदे: इसके जरिए त्वचा एक्सफोलिएट होगी और टैनिंग से छुटकारा मिलेगा।

#2

शहद, हल्दी और गुड़ का पैक

सामग्री: एक चम्मच गुड़, एक चम्मच शहद, एक चम्मच हल्दी और एक चम्मच नींबू का रस। विधि: शहद, हल्दी और गुड़ का पैक बनाने के लिए गुड़ को अच्छी तरह पिघला लें। इसके बाद इसमें नींबू का रस, हल्दी और शहद मिलाकर पैक तैयार करें। इसे अपने चेहरे और गर्दन पर लगाकर छोड़ दें। जब यह सूख जाए तो ठंडे पानी से चेहरे को साफ कर लें। फायदे: यह पैक अतिरिक्त तेल को कम करेगा और मुंहासों का इलाज करेगा।

#3

गुड़ और बादाम के तेल का पैक

सामग्री: एक चम्मच गुड़, एक चम्मच दूध या दही और एक चम्मच बादाम का तेल। विधि: बादाम का तेल दाग-धब्बों को दूर करने की क्षमता के लिए जाना जाता है। इसका पैक बनाने के लिए सबसे पहले गुड़ को पिघलाएं। अब इसमें दूध या दही और बादाम का तेल मिलाएं। इस पैक को चेहरे पर लगाकर सूखने दें और पानी से धो लें। फायदे: यह पैक आपकी त्वचा को मुलायम बनाएगा और चमक भी बढ़ाएगा।

#4

गुड़ और चंदन का पैक

सामग्री: एक चम्मच गुड़ का पाउडर, एक चम्मच चंदन का पेस्ट या पाउडर और एक चम्मच गुलाब जल। विधि: चंदन एक प्राकृतिक सामग्री है, जो त्वचा को स्वस्थ बना सकती है। इसका पैक बनाने के लिए सबसे पहले चंदन को घिसकर पेस्ट निकाल लें। इसमें गुड़ का पाउडर और गुलाब जल मिला लें। इस पैक को चेहरे पर लगाकर कुछ देर सूखने दें, फिर धो लें। फायदे: यह पैक चेहरे का निखार बढ़ाता है और जलन भी कम करता है।

#5

गुड़ और एलोवेरा का पैक

सामग्री: गुड़ का पाउडर और 2 चम्मच एलोवेरा जेल। विधि: एलोवेरा जेल में कई तत्व मौजूद होते हैं, जो त्वचा को आराम देकर स्वच्छ बना सकते हैं। इसका पैक तैयार करने के लिए एक मिक्सर में सभी सामग्रियां डाल दें और ब्लेंड कर लें। इसे अपने चेहरे पर लगाएं और 15 से 20 मिनट तक सूख जाने दें। इसके बाद गर्म पानी से मुंह धो लें। फायदे: यह पैक सूजन को कम करेगा, मुंहासे साफ करेगा और दाग-धब्बे भी मिटाएगा।