Page Loader
दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ व्यंजनों की सूची जारी, भारतीय खाना 11वें स्थान पर

दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ व्यंजनों की सूची जारी, भारतीय खाना 11वें स्थान पर

लेखन गौसिया
Dec 13, 2023
12:53 pm

क्या है खबर?

टेस्ट एटलस ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ व्यंजनों की सूची के लिए अपनी रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत 11वें स्थान पर है। रैंकिंग के हिसाब से दुनियाभर में थाईलैंड, तुर्की, अमेरिका और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के व्यंजनों से ज्यादा भारतीय खाने को पसंद किया जा रहा है। इस लिहाज से बटर चिकन, टिक्का, तंदूरी और बटर नान आदि का स्वाद दुनियाभर के लोग खूब पसंद कर रहे हैं। आइये सूची में शामिल अन्य देशों की रैंकिंग जानते हैं।

सूची

इतालवी व्यंजनों को सूची में मिला पहला स्थान  

जानकारी के मुताबिक, विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ व्यंजनों की सूची में भारतीय व्यंजन 11वें स्थान पर है। भारत की रैंकिंग पेरू से केवल 0.02 अंक कम है। इस सूची में इतालवी व्यंजनों को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ व्यंजन बताया गया है। इसके बाद जापान, ग्रीस, पुर्तगाल, चीन, इंडोनेशिया, मेक्सिको, फ्रांस, स्पेन, पेरू और फिर भारत है। सूची में भारत के बाद ब्राजील, पोलैंड, अर्जेंटीना और तुर्की का नाम शामिल है।

रेटिंग

रेट किए गए लाखों व्यंजन और उत्पादों के आधार पर हुई रैंकिंग

टेस्ट एटलस ने कहा कि इस साल कुल 3,95,205 व्यंजन और 1,15,660 खाद्य उत्पादों को रिकॉर्ड और रेट किया गया है। इस रेटिंग के आधार पर हर व्यंजन के लिए शीर्ष 50 खाद्य पदार्थ निकाले गए। इसके बाद दुनिया में सबसे अच्छी रेटिंग वाले व्यंजनों को प्रत्येक देश के सर्वोत्तम रेटेड व्यंजनों और खाद्य उत्पादों की औसत रेटिंग के मुताबिक सूची में स्थान दिया गया।

जानकारी

इस साल कई भारतीय व्यंजन और रेस्टोरेंट हुए दुनिया में लोकप्रिय

इस साल टेस्ट एटलस द्वारा जारी की गई सूचियों में कई भारतीय व्यंजन और रेस्टोरेंट के नाम शामिल थे। इसमें दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित आइसक्रीम स्पॉट की सूची में बेंगलुरू का कॉर्नर हाउस, मंगलुरू का पब्बास, मुंबई का अप्सरा, के रुस्तम एंड कंपनी और नेचुरल्स के नाम शामिल रहें। इसी तरह मुर्ग मखनी, मलाईदार और मक्खनयुक्त चिकन करी, टिक्का और तंदूरी ने भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ व्यंजनों की सूची में जगह बनाई।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखें रेटिंग सूची

शाकाहारी व्यंजन

शाकाहारी व्यंजनों की सूची में ये खाने हुए थे शामिल 

टेस्ट एटलस ने इस साल सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक शाकाहारी व्यंजनों की सूची भी जारी की थी, जिसमें भारतीय व्यंजनों ने दोबारा वैश्विक स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। उस सूची में 11वें स्थान पर महाराष्ट्र का मशहूर मिसल पाव शामिल था। इस सूची में जगह बनाने वाला यह एकमात्र भारतीय व्यंजन नहीं था। इसके साथ 20वें स्थान पर आलू-गोभी, 22वें स्थान पर राजमा, 24वें स्थान पर गोभी-मंचूरियन और 41वें स्थान पर राजमा-चावल थे।

जानकारी

क्या है टेस्ट एटलस?

टेस्ट एटलस एक ऑनलाइन अनुभवात्मक यात्रा गाइड है, जिसे पारंपरिक व्यंजनों के लिए साल 2018 में मतिजा बेबिक ने स्थापित किया था। यह प्रसिद्ध व्यंजनों और सामग्रियों के बारे में प्रामाणिक जानकारियां, शोध और खाद्य समीक्षकों की समीक्षा एकत्रित करता है।