Page Loader
2024 में यात्रा करने के लिए भारत दुनियाभर में दूसरा सबसे अच्छा देश, जानें कारण
साल 2024 में घूमने के लिए सबसे बेहतरीन जगहें

2024 में यात्रा करने के लिए भारत दुनियाभर में दूसरा सबसे अच्छा देश, जानें कारण

लेखन अंजली
Nov 01, 2023
07:05 pm

क्या है खबर?

ग्लोबल ट्रैवल अथॉरिटी 'लोनली प्लैनेट' ने अपनी 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर 'बेस्ट इन ट्रैवल 2024' सूची जारी की है, जिसमें दुनियाभर के सबसे अच्छे 50 पर्यटन गंतव्यों को शामिल किया गया है। यह सूची लोनली प्लैनेट के कर्मचारियों, स्थानीय लेखकों और पब्लिशिंग पार्टनर्स से जानकारी लेकर बनाई गई है और इसमें दूसरा स्थान भारत को मिला है। गंतव्यों को 5 श्रेणियों में बांटा गया है, जिनमें टिकाऊ, बजट के अनुकूल, शहर, देश और क्षेत्रीय गंतव्य शामिल हैं।

कारण

भारत को इस वजह से मिला दूसरा स्थान

विविध और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध गंतव्य भारत शीर्ष देशों में मंगोलिया के बाद दूसरे स्थान पर है। लोनली प्लैनेट के मुताबिक, इसका पूरा श्रेय नए उड़ान मार्गों को जाता है, जो यूरोप और अमेरिका से दिल्ली, मुंबई, गोवा और केरल जैसे शहरों तक आसान पहुंच प्रदान करते हैं। सूची में वाराणसी में चलने वाले गंगा विलास क्रूज पर 2,000 मील की नाव यात्रा करने का भी सुझाव देती है।

देश

शीर्ष 10 में शामिल हैं ये देश

लोनली प्लैनेट ने आगामी साल में घूमने के लिए मंगोलिया को पहला स्थान दिया है। इसका कारण है कि यहां खुले स्थान और साहसिक गतिविधियों समेत कई तरह की सुविधाएं मौजूद हैं, जो पर्यटकों की यात्रा को बेहतरीन और आरामदायक बना सकती हैं। इसके बाद भारत, तीसरे स्थान पर मोरक्को, चौथे पर चिली, 5वें पर बेनिन, 6वें पर मेक्सिको, 7वें पर उज्बेकिस्तान, 8वें पर पाकिस्तान, 9वें पर क्रोएशिया और 10वें स्थान पर सेंट लूसिया है।

शहर

सूची में इन शहरों को बताया गया घूमने के लिए बेहतरीन

लोनली प्लैनेट की सूची में घूमने के लिए शीर्ष शहर में केन्या की राजधानी नैरोबी है, जिसे यात्री इसकी अनूठी संस्कृति, स्थानीय रेस्टोरेंट्स और कला के लिए पसंद करते हैं। कई यात्री तो इसे नैरोबी नेशनल पार्क के लिए भी पसंद करते हैं। साल 2024 में ओलंपिक की मेजबानी करने जा रहा पेरिस भी इस सूची में शामिल है। इसके बाद चेक की राजधानी प्राग को भी घूमने के लिए बेहतरीन शहर बताया गया है।

कैटेगरी

सबसे टिकाऊ और बजट अनुकूल गंतव्य

2024 के लिए सबसे टिकाऊ यात्रा गंतव्य में सबसे पहले स्पेन है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका है, जो क्वाज़ुलु नेटाल क्षेत्र को एक वन्यजीव वंडरलैंड में बदल रहा है। बजट के अनुकूल जगहों में शिकागो, मिल्वौकी और डेट्रॉइट जैसे शहर शामिल हैं। इसके अलावा लोनली प्लैनेट का कहना है कि उत्तरी अफ्रीका में भी पर्यटकों को कम बजट में अच्छी तरह से संरक्षित रोमन स्थल और बढ़िया ऐतिहासिक शहर और भीड़-मुक्त अनुभव मिल सकता है।

क्षेत्रीय गंतव्य

सबसे अच्छे क्षेत्रीय गंतव्य 

जब क्षेत्रीय चयन की बात आती है तो यूरोप में पश्चिमी बाल्कन का आगामी ट्रांस डिनारिका साइकिलिंग मार्ग लोनली प्लैनेट की शीर्ष पसंद है। अगले साल खुलने वाला लगभग 3,364 किलोमीटर (2,090 मील) का यह रास्ता स्लोवेनिया, क्रोएशिया, बोस्निया और हर्सेगोविना, मोंटेनेग्रो, अल्बानिया, उत्तरी मैसेडोनिया, कोसोवो और सर्बिया से होकर गुजरता है। इसके बाद डोनेगल है, जहां 100 से अधिक समुद्र तट हैं।