रजनीकांत 75 की उम्र में भी कैसे हैं इतने फिट? जानें उनका वर्कआउट रूटीन और डाइट
क्या है खबर?
रजनीकांत केवल तमिल इंडस्ट्री के ही नहीं, बल्कि भारत के सबसे दिग्गज अभिनेताओं में से एक हैं। वह 75 की उम्र में भी अपनी फिटनेस से लोगों को प्रेरित करते हैं और अपनी फिल्मों में शानदार एक्शन सीक्वेंस देकर धड़कनें बढ़ाते हैं। इसका श्रेय उनके अनुशासन, वर्कआउट रूटीन और डाइट को जाता है। अब तमिल अभिनेत्री मिर्ना मेनन ने रजनीकांत के वर्कआउट रूटीन और डाइट का खुलासा किया है, जिनका पालन करके आप भी फिट रह सकते हैं।
मिर्ना
शूट के दौरान भी जरूर करते हैं वर्कआउट
मिर्ना ने बताया, "मुझे यह बात अच्छी लगती है कि वह उठकर वर्कआउट करते हैं और फिर सेट पर आते हैं। वह हमेशा एक सख्त डाइट और नियमित रूटीन का पालन करते हैं। वह तैराकी करते हैं और ट्रेडमिल पर दौड़ते हैं। हम जहां शूटिंग कर रहे थे, वहां कई जगहों पर जिम की सुविधा नहीं थी। इसलिए, उन्होंने यह पक्का किया कि उनके वर्कआउट का सामान उनके कमरे में मौजूद रहे।"
डाइट
कैसी है रजनीकांत की डाइट?
मिर्ना के मुताबिक, रजनीकांत तला-भुना, तेल वाला और मसालेदार खाना पसंद नहीं करते हैं। साथ ही वह दूध, दही, चावल और चीनी जैसे सफेद खाद्य पदार्थ भी नहीं खाते हैं।
मिर्ना ने बताया, "वह सादी डाइट लेते हैं और बहुत सारा पौष्टिक भोजन खाते हैं।" उनकी डाइट में साबुत अनाज, मौसमी सब्जियों और ताजी उपज से बने सरल और शाकाहारी भोजन शामिल होते हैं।
वह 'जीने के लिए खाना, न कि खाने के लिए जीना' सिद्धांत का पालन करते हैं।
वर्कआउट
वर्कआउट रूटीन पर एक नजर
रजनीकांत के वर्कआउट रूटीन में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो, योग और ध्यान का अनुशासित संयोजन शामिल होता है। छाती और कंधों की ताकत बढ़ाने के लिए वह इंक्लाइन या लेटे हुए डंबेल प्रेस जैसी एक्सरसाइज करते हैं।
पैरों की ताकत, मुद्रा और संतुलन बनाए रखने के लिए वह बेंच पर स्क्वैट्स करते हैं। उन्हें सुबह ट्रेडमिल पर दौड़ना, सैर पर जाना और तैराकी करना भी पसंद है।
इन एक्सरसाइज के जरिए स्टैमिना भी बढ़ता है।
योग
योग और ध्यान से दिमाग को रखते हैं तनावमुक्त
रजनीकांत के वर्कआउट रूटीन में योग का भी अहम स्थान रहता है। वह शरीर को लचीला बनाए रखने और मन को शांत बनाए रखने के लिए हर दिन योग, स्ट्रेचिंग और प्राणायाम करते हैं।
काम-काज के चलते तनाव होने का डर रहता है। हालांकि, तनाव से बचने और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए वह ध्यान जरूर लगाते हैं।
फिल्मों की शूटिंग के दौरान भी वह पर्याप्त नींद को प्राथमिकता जरूर देते हैं।