राजा रवि वर्मा से लेकर एमएफ हुसैन तक, ये हैं भारत के 5 सबसे प्रसिद्ध पेंटर
क्या है खबर?
भारत की समृद्ध संस्कृति की चर्चा बिना कला का जिक्र किए नहीं की जा सकती।
हमारे देश में कई महान कलाकार हुए, जिन्होनें रंगों को कैनवास पर इतनी प्रतिभा से उकेरा की उनकी कलाकृतियां सदा के लिए अमर हो गईं।
इन कलाकारों का नाम इतिहास के पन्नों में सुनहरी स्याही से लिखा हुआ है, क्योंकि इनकी कला ने विश्व भर में भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।
आइए भारत के 5 महान पेंटर के बारे में जानते हैं।
#1
राजा रवि वर्मा
आधुनिक भारतीय कला के जनक कहलाए जाने वाले राजा रवि वर्मा देश के सबसे महान पेंटर हैं।
उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं की छविओं को इतनी कुशलता से कैनवास पर उकेरा कि उनकी कल्पना को ही उनके असली चेहरे माना जाने लगा।
उन्होंने भारतीय और यूरोपीय सौंदर्यशास्त्र को मिश्रित करके नई तकनीक ईजाद की थी और खुद ही पेंटिंग की कला सीखी थी।
उन्होंने अपने जीवन में 2,000 से ज्यादा पेंटिंग बनाई थीं, जिनमें से शकुंतला सबसे मशहूर हुई थी।
#2
अमृता शेरगिल
भारत के कलात्मक इतिहास की चर्चा करते वक्त अमृता शेरगिल का नाम लेना लाजमी है। वह भारत की सबसे महान और प्रतिभाशाली महिला पेंटर थीं, जिनकी कला आज भी महिलाओं को प्रेरित करती हैं।
अमृता की कला व्यक्तिगत संघर्षों और सामाजिक मानदंडों के बीच की यात्रा को दर्शाती है। उनकी पेंटिंग गहरी भावनाओं और उनके समय की वास्तविकताओं को साहसपूर्वक व्यक्त करती थीं।
अमृता की बेहतरीन पेंटिंग में 'आत्म चित्र', 'यंग गर्ल्स', 'द स्टोरी टेलर' और 'मदर इंडिया' शामिल हैं।
#3
वीएस गायतोंडे
वासुदेव एस गायतोंडे एशिया के महानतम ऐबस्ट्रैक्ट पेंटर में से एक माने जाते हैं। उनकी कलाकृतियां उनके मन की भावनाओं और आध्यात्मिकता को बखूबी व्यक्त करती हैं।
उन्होंने 19 वर्ष की आयु में जे.जे. स्कूल ऑफ आर्ट से कला की शिक्षा ली थी और 1948 में पेंटिंग में डिप्लोमा प्राप्त किया था। उनकी कला की चर्चा न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर में की जाती है।
वे अपनी ज्यादादर पेंटिंग को नाम नहीं दिया करते थे।
#4
एमएफ हुसैन
मकबूल फिदा हुसैन को एमएफ हुसैन के नाम से जाना जाता है, जो भारतीय कला जगत के एक प्रमुख चित्रकार थे। उनकी कला ने न केवल भारत में, बल्कि विश्वभर में अपनी पहचान बनाई।
वह पेंटर के साथ-साथ सफल फोटोग्राफर और फिल्म निर्माता भी थे। वे अपनी जीवंत रंगों का इस्तेमाल करके बनाई गई पेंटिंग्स के लिए जाने जाते थे।
'द लास्ट सपर', 'मदर टेरेसा' और 'बनारस' जैसी पेंटिंग हुसैन के निडर दृष्टिकोण को व्यक्त करती हैं।
#5
नंदलाल बोस
नंदलाल बोस भारत के प्रसिद्ध पेंटर थे, जिन्हें उनकी आधुनिक कला के लिए पसंद किया जाता था। उनकी 'भारतीय शैली' की पेंटिंग आज भी बेहद मशहूर हैं।
बोस बहुत बड़े देशभक्त थे और वह अपनी राष्ट्रवादी पेंटिंग के जरिए मातृभूमि के प्रति अपने प्रेम को दर्शाते थे। वह एक और महान पेंटर अबनींद्रनाथ टैगोर के शिष्य थे और उन्होंने भारतीय संविधान की मूल प्रति को भी सजाया था।
उनकी महात्मा गांधी को समर्पित पेंटिंग 'बापू जी' बेहद मशहूर है।