Page Loader
नेपाल की यात्रा के दौरान इन पांच चीजों की खरीददारी करना न भूले
नेपाल जाएं तो ये चीजें जरूर खरीदें

नेपाल की यात्रा के दौरान इन पांच चीजों की खरीददारी करना न भूले

लेखन अंजली
Sep 19, 2022
08:00 pm

क्या है खबर?

अनोखे मंदिर, पहाड़ों, झीलों, वादियों समेत स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध नेपाल एक शानदार पर्यटन स्थल है। ऐसे में सभी को जीवन में एक बाद वहां की यात्रा जरूर करनी चाहिए। खैर, आप जब भी भी नेपाल जाएं तो वहां की कुछ प्रसिद्ध चीजों की खरीददारी करना न भूलें, क्योंकि वह आपको हमेशा इस पर्यटन स्थल की यात्रा की खूबसूरत यादों का अहसास दिलाती रहेंगी। आइए जानते हैं कि नेपाल से किन-किन चीजों को खरीदना चाहिए।

#1

थंगका पेंटिंग

थंगका पेंटिंग को थंका और टंका भी कहा जाता है और यह चित्रकारी भारतीय, नेपली समेत तिब्बती संस्कृति का अद्भुत मिश्रण है। इस पेंटिंग किसी तरह के कैनवास पर नहीं बनाया जाता, बल्कि यह कपास और रेशम जैसे कपड़ों पर बनाई जाती है। थंगका पेंटिंग बहुत लंबे समय तक चलती है और अगर इसे नमी से दूर रखा जाए तो इसकी चमक काफी सालों तक बरकरार रहती है। आप अपने घर की सजावट के उद्देश्य से इसे खरीद सकते हैं।

#2

सिंगिंग बाउल

सिंगिंग बाउल नेपाल से अवश्य ही खरीदे जाने वाले सामानों में से हैं। इन बाउल पर आध्यात्मिक मंत्र उकेरे हुए होते हैं और आमतौर पर मठों में उपयोग किए जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि ये आसपास के लोगों के जीवन में शांति और सकारात्मकता के साथ-साथ खुशियां भी लाते हैं। जब आप बाउल पर हैंडल मारकर इसके चारों ओर तरफ घुमाते हैं तो यह एक शांत ध्वनि और कंपन पैदा करता है, जिसे सुनकर काफी सुकून मिलता है।

#3

लोकता पेपर प्रोडक्ट्स

लोकता पेपर एक और शानदार चीज है, जिससे बने उत्पादों को नेपाल से लौटते समय आपको अवश्य खरीदना चाहिए। चावल की भूसी से बना यह पेपर कई तरह की चीजों में उपलब्ध होता है। आप नेपाल के स्थानीय बाजार से लोकता पेपर से बनी कुछ आकर्षक रंगीन डायरी, कैलेंडर, नोटबुक या गिफ्ट बॉक्स खरीद सकते हैं। इसके अतिरिक्त आप यहां से लोकता पेपर से बने लैंपशेड, वॉलपेपर, फोटो एलबम और हैंडबैग भी खरीद सकते हैं।

#4

खुर्कुरी

खुर्कुरी एक प्रामाणिक नेपाली खंजर है और यह देश के इतिहास और संस्कृति में अपनी अहम पहचान रखती है। यह नेपाल की सबसे अधिक पसंद की जाने वाली चीजों में से एक है। यह एक अर्ध वक्र और एक चमकदार मजबूत ब्लेड में होता है, जो एक हथियार के साथ-साथ एक घरेलू चाकू का काम भी कर सकता है। इसकी धार को बढ़ाने के लिए आपको इसके साथ दो छोटे ब्लेड भी दिए जाते हैं।

#5

नेपाली हैंडक्राफ्ट

नेपाल में कई तरह के हैंडक्राफ्ट मौजूद हैं, जिन्हें आप घर ले जा सकते हैं। इनमें पश्मीना शॉल, गहने के सामान, चमड़े के सामान, बांस के उत्पाद, मिक्स धातु की चीजें, कालीन और लकड़ी के क्राफ्ट आदि शामिल हैं। इसके अलावा, यहां सिरेमिक, क्रिस्टल और अन्य पत्थर के उत्पाद भी हैं, जिन्हें आप खरीद सकते हैं। नेपाली संस्कृति के प्रतीक के रूप में मानी जाने वाली मूर्तियां और मुखौटे भी आप घर की सजावट के लिए खरीद सकते हैं।