Page Loader
घर पर मिनटों में बनाए जा सकते हैं चेडर चीज वाले ये 5 व्यंजन, जानिए रेसिपी 
चेडर चीज़ की पांच रेसिपी

घर पर मिनटों में बनाए जा सकते हैं चेडर चीज वाले ये 5 व्यंजन, जानिए रेसिपी 

लेखन अंजली
Mar 16, 2023
08:53 pm

क्या है खबर?

वैसे तो बाजार में कई तरह की चीज मौजूद हैं, लेकिन उनमें से सबसे ज्यादा चेडर चीज को लोकप्रिय माना जाता है। चीज का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह में पानी आ जाता है। खैर अगर आपको भी चेडर चीज पसंद है तो आप घर पर इसकी कुछ आसान रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। आइए आज हम आपको चेडर चीज से 5 तरह के व्यंजन बनाने का तरीका बताते हैं।

#1

चेडर चीज क्रस्ट सैंडविच 

सबसे पहले एक फ्राइंग पैन में थोड़ा मक्खन पिघलाएं और इसमें ब्रेड के चार स्लाइस को दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक सेंक लें। इसके बाद टमाटर, प्याज और सलाद के टुकड़ों को दो ब्रेड स्लाइस के बीच में रखें। अब दोनों स्लाइस पर चेडर चीज, स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालें। इसी तरह अन्य ब्रेड स्लाइस को भी तैयार करके इन्हें सैंडविच के तौर पर कॉफी या चाय के साथ परोसें।

#2

मैक एंड चीज़

सबसे पहले मैकरोनी को एक कटोरी पानी और एक चम्मच जैतून के तेल वाले मिश्रण में उबालें। इस बीच मध्यम आंच पर एक पैन में दूध, मैदा और पिघला हुआ मक्खन मिलाकर चीज सॉस तैयार करें। अब इस मिश्रण में चेडर चीज डालें और इसे पिघलने तक फेंटते रहें। इसके बाद सॉस और मैकरोनी को मिलाकर इस पर नमक के साथ काली मिर्च डालकर अच्छे से मिलाएं और फिर इसे परोसें।

#3

वेजिटेरियन चेडर सलाद 

सबसे पहले एक कटोरी में सरसों, जैतून का तेल, व्हाइट वाइन का सिरका, शहद, नमक और काली मिर्च मिलाकर इसमें प्याज के टुकड़े डालें। इसके बाद एक बड़े कटोरे में कटा हुआ लेट्स, कटा हुआ खीरा, कटा हुआ चेडर चीज और ताजा हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें कटोरी वाली सॉस डालकर फिर से मिलाएं। इसके बाद इस चीजी सलाद का सेवन करें।

#4

रोस्टेड परमेसन चीज पोटैटो 

सबसे पहले ओवन को 400 डिग्री पर गरम करें। इसके बाद एक कटोरे में जैतून का तेल, नमक (स्वादानुसार), एक चुटकी काली मिर्च पाउडर और छोटे कटे आलू डालें। अब इस मिश्रण को 30 मिनट के लिए ग्रिल पर भूनकर एक कटोरे में डाल दें। उसके बाद भूने आलू पर चेडर चीज डालकर इसे क्रिस्पी होने तक बेक करें। अंत में बेक आलू को एक प्लेट में डालकर इन पर चिली फलेक्स और नींबू का रस छिड़कते हुए परोसें।

#5

चेडर चीज बरिटो 

सबसे पहले ओवन को 190 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें। इसी बीच एक कटोरे में बीन्स, सालसा, स्मोक्ड पेपरिका, नमक, प्याज, लहसुन पाउडर और काली मिर्च डालकर अच्छे से मिलाएं। अब एक टॉर्टिला ब्रेड के बीच में चेडर चीज छिड़कें और इस पर बीन्स वाला मिश्रण भी डालें। इसके बाद ब्रेड को किनारों से मोड़कर इसे 10 से 12 मिनट तक बेक करते हुए इसे सॉर क्रीम के साथ परोसें।