कोलकाता में धार्मिक और ऐतिहासिक आकर्षणों की भरमार, इन पर्यटन स्थलों का करें रुख
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता एक ऐसा शहर है, जहां आपको भारत का सांस्कृतिक और पारंपरिक रूप देखने को मिल सकता है।
यह शहर आतिथ्य और उत्साह की भावना प्रदर्शित करता है और पुरानी और आधुनिक दुनिया के बीच एक आदर्श मेल कायम रखता है।
कोलकाता पर्यटन की दृष्टि से बहुत ही आकर्षक है, लेकिन अगर आप अब तक यहां नहीं गए हैं तो आइए आज हम आपको शहर के 5 प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हैं।
#1
विक्टोरिया मेमोरियल म्यूजियम
विक्टोरिया मेमोरियल म्यूजियम कोलकाता के प्रसिद्ध और सुंदर स्मारकों में से एक है।
यह म्यूजियम भारत में ब्रिटिश राज की याद दिलाने वाला सबसे भव्य भवन है, जिसको सफेद संगमरमर और राजस्थान की मकराना संगमरमर से बनाया गया है।
इस म्यूजियम में भारत के कई राजा-महाराजाओं से संबंधित वस्तुओं का संग्रह भी है।
विक्टोरिया मेमोरियल की व्यापकता और भव्यता को इस बात से समझा जा सकता है कि इसे पार्क और लाइब्रेरी जैसे विभिन्न हिस्सों में बांटा गया है।
#2
मदर हाउस
रोमन कैथोलिक नन मदर टेरेसा ने निस्वार्थ भक्ति के लिए साल 1950 में इस घर की स्थापना की थी। पहले यह मदर टेरेसा का घर था, जो अब कोलकाता में घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक बन गया है।
यह इमारत मानवता का बेहतरीन उदाहरण भी है, जो निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने के लिए प्रेरित करती है।
आप यहां मदर टेरेसा के काम और उनके निजी सामानों का संग्रह भी देख सकते हैं।
#3
दक्षिणेश्वर काली मंदिर
अगर आप कोलकाता में इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिकता का मिश्रण एक-साथ देखना चाहते हैं तो इसके लिए दक्षिणेश्वर काली मंदिर का रुख करें।
यह 3 मंजिला मंदिर एक ऊंचे मंच पर बना हुआ है। यह कोलकाता के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है, जिसमें नवरत्न शैली की बंगाली वास्तुकला है।
यह मंदिर देवी काली को समर्पित है, लेकिन इसके विशाल परिसर में 12 मंदिरों की श्रृंखला है।
मंदिर हुगली नदी के पूर्वी तट पर स्थित है।
#4
इको टूरिज्म पार्क
इको टूरिज्म पार्क प्राकृतिक सुंदरता और मनोरंजन का संयोजन प्रदान करता है।
480 एकड़ में फैला यह पार्क 3 हिस्सों में बटा हैं, जिसमें इकोलॉजिकल जोन, गार्डन और रिक्रिएशनल जोन शामिल हैं।
इसी तरह पार्क में मनोरंजन के लिए भी 3 जोन हैं, जहां आप आइस स्केटिंग, कायाकिंग, जोरबिंग और साइकिलिंग का आनंद ले सकते हैं।
अगर आप अपने परिवार के साथ कोलकाता में घूमने के लिए बेहतरीन जगहों की तलाश में हैं तो यह सही जगह है।
#5
हावड़ा ब्रिज
बात अगर कोलकाता की है तो हावड़ा ब्रिज का जिक्र करना तो बनता है।
यह दुनिया के सबसे बड़े ब्रैकट पुलों में से एक है, जो हुगली नदी पर बनाया गया है।
आप यहां कुछ समय बिता सकते हैं और अपने सामने नदी की अंतहीन सुंदरता को निहार सकते हैं।
खासकर जब सूरज ढलता है और इस पर उसकी रोशनी पड़ती है तो इस पुल की खूबसूरती 10 गुना बढ़ जाती है।