गर्मियों में स्टाइलिश दिखने के लिए चुनें इन 5 रंगों वाले कपड़े, रहेगा इनका ट्रेंड
क्या है खबर?
गर्मियां शुरू हो गई हैं और यह अपनी अलमारी में बदलाव लाने का सही समय है। इस मौसम में ड्रेस, शॉर्ट्स, टी-शर्ट या कुर्ती जैसे हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने चाहिए।
इस दौरान स्टाइलिश दिखने के लिए कपड़ों के रंगों का सही चुनाव करना भी जरूरी होता है। इस साल गर्मियों में इन 5 रंगों का बोल बाला रहने वाला है।
आप भी इन रंगों वाले कपड़े पहनकर खूबसूरत दिखेंगी और सबकी तारीफें भी बटोर सकेंगी।
#1
पाउडर गुलाबी
गुलाबी रंग तो हमेशा चलन में रहता ही है, लेकिन इस साल गर्मियों में इसका पाउडर शेड प्रचिलित रहेगा। यह गुलाबी रंग का बेहद हल्का और पेस्टल शेड है, जो हर महिला पर अच्छा लग सकता है।
यह रंग नम्रता, मासूमियत, पवित्रता और शांति को दर्शाता है। आप गर्मियों में पाउडर पिंक रंग की ड्रेस, स्कर्ट, वाइड लेग पैंट या टॉप पहन सकती हैं।
इसके साथ आसमानी नीला या सफेद का मेल अच्छा लगता है।
#2
मक्खन वाला पीला
इस साल गर्मी के मौसम में पीले रंग का एक प्यारा-सा शेड चलन में रहने वाला है, जिसे मक्खन वाला पीला यानि बटर येलो कहते हैं।
आप इसके नाम से ही समझ गई होंगी की यह मक्खन के रंग जितना हल्का शेड है, जो गर्मियों के लिए बिलकुल सही है। यह रंग आराम, आशावाद और गर्मजोशी को व्यक्त करता है।
आप इस रंग की प्लेड प्रिंट वाली ड्रेस, टॉप, श्रग, कुर्ती या पैंट आदि पहनकर बेहद खूबसूरत नजर आएंगी।
#3
मोका मूज
पैनटोन रंग संस्थान ने मोका मूज को 2025 का सबसे लोकप्रिय रंग घोषित किया है। यह भूरे रंग का हल्का शेड है, जिसमें क्रीम रंग भी मिश्रित रहता है। यह रंग एलिगेंस, ग्लैमर और विलासिता को दर्शाता है।
आप इसे अपनी गर्मी की अलमारी में शामिल करने के लिए इस रंग की पैंट, वेस्ट, सैटिन शर्ट या स्कर्ट आदि खरीद सकती हैं।
इसके साथ क्रीम, बेज, काले या सेज हरे रंग का मेल अच्छा लगेगा।
#4
वसंत वाला हरा
2025 की गर्मियों में सेज हरे और एमराल्ड हरे की जगह पर वसंत वाला हरा रंग ट्रेंड में है। यह हरे का एक चमकीला और जीवंत शेड होता है, जो नीले से लेकर पीले तक, सभी रंगों के साथ अच्छा लगता है।
आप इस रंग के कपड़े पहनकर नवीकरण, विकास और वसंत की ताजगी की भावना को व्यक्त कर पाएंगी। आप वसंत हरे रंग की शर्ट, क्रॉप टॉप, पैंट या ड्रेस पहनकर सबकी तारीफें बटोर सकती हैं।
#5
आसमानी नीला
नीला रंग तो हर मौसम में पसंद किया जाता है, फिर चाहे वह उसका गाढ़ा शेड हो या हल्का। हालांकि, इस साल की गर्मियों में आपको आसमानी नीला रंग एक बार फिर चलन में नजर आएगा।
यह नीले रंग की एक कोमल और हल्का शेड होता है, जो शांति, स्वतंत्रता, आशावाद और खुशहाली को दर्शाता है। इस रंग की डेनिम जींस, टॉप, ड्रेस, जंपसूट और यहां तक की पैंट सूट भी बेहद शानदार लगते हैं।