LOADING...
फलों से बनने वाली ये 5 खट्टी-मीठी चटनियां उंगलियां चाटने पर कर देंगी मजबूर, जानें रेसिपी

फलों से बनने वाली ये 5 खट्टी-मीठी चटनियां उंगलियां चाटने पर कर देंगी मजबूर, जानें रेसिपी

लेखन सयाली
Aug 24, 2025
07:15 pm

क्या है खबर?

चटनी एक ऐसा खाद्य पदार्थ है, जिसके बिना भारतीय खान-पान का मजा किरकिरा हो जाता है। डोसा से लेकर पराठों तक, सभी पकवानों के साथ अलग-अलग प्रकार की चटनियां परोसी जाती हैं। ये हर तरह के पकवानों का स्वाद बढ़ा देती हैं और मुंह में स्वाद का विस्फोट कर देती हैं। आम तौर पर सभी के घरों में सब्जियों वाली चटनियां बनती हैं। हालांकि, आज हम आपको फलों से बनने वाली 5 खट्टी-मीठी चटनियों की रेसिपी बताने वाले हैं।

#1

अनार की चटनी

अनार सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है, जिससे बनने वाली चटनी का स्वाद भी लाजवाब होता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले ताजा अनार दानों को पुदीने, अदरक, हरी मिर्च और काले नमक के साथ पीस लें। आप चाहें तो इसमें थोड़ी-सी चीनी या गुड़ भी मिला सकते हैं। इस चटनी में आपको खट्टे, मीठे और तीखे स्वाद का संयोजन मिल जाएगा, जो कई पकवानों के साथ अच्छा लगेगा।

#2

सेब की चटनी

सेब तो हर मौसम में मिलते हैं, जिनसे आप एक स्वादिष्ट चटनी तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए सेब को टुकड़ों में काटें और पैन में डालकर पकाएं। अब इसमें दालचीनी, अदरक, हरी मिर्च और गुड़ डालकर पका लें। इसे तब तक पकने दें जब तक सेब की बनावट जेली जैसी न हो जाए। आप इस चटनी को ब्रेड पर लगाकर खा सकते हैं या इसे पकौड़े आदि के साथ भी परोस सकते हैं।

#3

स्ट्रॉबेरी की चटनी

स्ट्रॉबेरी बच्चों-बड़ों सभी का पसंदीदा फल होती है। अगर आप इसकी चटनी बनाकर परिवार वालों को खिलाएंगे तो वे आपकी जमकर तारीफ करेंगे। इसके लिए सबसे पहले स्ट्रॉबेरी के हरे भाग को निकलकर उन्हें पैन में पका लें। इसके बाद इसमें चीनी, इलायची पाउडर, काला नमक और नींबू डालकर पकने दें। जब इसकी स्थिरता जेली जैसी हो जाए तब गैस बंद करें और उसे ठंडा करके परोसें। इस मीठी चटनी को आप केक आदि के साथ खा सकते हैं।

#4

अनानास की चटनी

अगर आप खट्टी और मीठी चटनी का आनंद लेना चाहते हैं तो अनानास की चटनी बनाएं। सबसे पहले अनानास को काटकर पैन में पकाना शुरू करें। इसके बाद इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, नींबू का रस, भुने हुए काजू, काला नमक और हरी मिर्च डालकर भूनें। इस चटनी को लोग चावल या पराठे के साथ खाना पसंद करते हैं। इसमें विटामिन C भी मौजूद होता है, जो पेट की सूजन को कम करता है।

#5

कच्चे आम की चटनी

चटनी की बात हो और कच्चे आम वाली चटनी का जिक्र न किया जाए, ऐसा मुमकिन नहीं है। यह चटनी हर घर में बनाई और पसंद की जाती है, क्योंकि इसका स्वाद लाजवाब होता है। इसे बनाने के लिए कच्चा आम, हरी मिर्च, धनिया, पुदीना, जीरा और गुड़ पीस लें। इसमें सरसों के दाने और करी पत्तों का तड़का लगाएं। आप दाल चावल, पकौड़े, समोसे और सैंडविच जैसे तमाम व्यंजनों के साथ इस स्वादिष्ट चटनी का आनंद ले सकते हैं।