गर्मी में बनाकर खाएं ये ताजगी देने वाली मिठाइयां, बेक करने की भी नहीं है जरूरत
क्या है खबर?
गर्मी अपने चरम पर है, जिस दौरान सभी का कुछ ठंडा-ठंडा खाने का दिल करता है। हालांकि, इतनी गर्मी में घंटों रसोई में खड़े रहकर खाना पकाना किसी चुनौती से कम नहीं लगता।
ऐसे में आपको अपने और अपने परिवार के लिए कुछ ताजगी भरी मिठाइयां बनाकर रख लेनी चाहिए।
ये मिठाइयां ठंडक प्रदान करेंगी, मीठे की लालसा को कम करेंगी और मिनटों में बनकर तैयार हो जाएंगी।
अच्छी बात यह है कि इन्हें बेक भी नहीं करना पड़ेगा।
#1
अनानास और तरबूज की पॉप सिकल
गर्मियों में खान-पान में पॉप सिकल शामिल करने से शरीर को ठंडक मिल सकती है। अगर आप तरबूज और अनानास जैसे ताजगी देने वाले फलों से इसे बनाएंगे तो इसका पोषण और स्वाद, दोनों बढ़ जाएगा।
इसके लिए तरबूज और अनानास को टुकड़ों में काटें और नारियल पानी से साथ पीस लें। इस मिश्रण को पॉप सिकल बनाने वाले सांचों में भरें, उनमें लकड़ी की स्टिक लगाएं और फ्रीजर में जमा लें।
इनकी प्राकृतिक मिठास और ताजगी मन मोह लेगी।
#2
नारियल के लड्डू
नारियल के लड्डू बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं और इनकी रेसिपी भी आसान होती है। इसे बनाने के लिए कद्दूकस किए हुए नारियल को गुड़ या चीनी के साथ पकाया जाता है और उसमें घी मिलाया जाता है।
इसके बाद इस मिश्रण को गोल-गोल लड्डू का आकार दिया जाता है। ये लड्डू गर्मी के दिनों में पेट को ठंडक पहुंचा सकते हैं और इनका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद भी आता है।
#3
रास्पबेरी चीज केक
स्वाद से भरपूर रास्पबेरी चीज केक बनाने के लिए एक ब्लेंडर में डाइजेस्टिव बिस्किट और मक्खन को पीस लें। अब इस मिश्रण की परत को केक टिन में बिछाकर फ्रिज में रख दें।
एक बड़े बर्तन में क्रीम चीज, विप्ड क्रीम, नींबू के रस, वेनिला के अर्क और पिसी चीनी को मिलाएं। अब बिस्किट की परत पर क्रीम का मिश्रण डालें और 6 घंटे फ्रीज करें।
एक पैन में चीनी पिघलाकर उसमें रास्पबेरी पकाएं और चीजकेक के ऊपर डालकर खाएं।
#4
आम वाली चिया पुडिंग
आम गर्मी के मौसम का पर्याय होता है, जो अपनी मिठास और ठंडे एहसास के कारण सभी का पसंदीदा फल कहलाता है।
इससे बनी चिया पुडिंग आपके पेट को ठंडा रखेगी और मीठे की लालसा को भी कम करेगी। साथ ही, यह एक पौष्टिक नाश्ता भी है, जो वजन घटाने में मदद करता है।
इसके लिए एक कटोरे में सब्जा के बीज, शहद, वेनिला का अर्क, आम की पियूरी, नारियल का दूध और सूखे मेवे मिलाकर जमा लें।
#5
पुदीने और चॉकलेट की आइसक्रीम
गर्मी में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाना किसे पसंद नहीं होता। उसमें चॉकलेट और ताजगी भरे पुदीना का स्वाद मिल जाए तो मजा दोगुना हो जाता है।
इस आइसक्रीम को बनाने के लिए सबसे पहले क्रीम और पुदीने की पत्तियों को उबाल लें। इस मिश्रण को छानें और पुदीने की पत्तियों को मिक्सी में पीस लें।
अब क्रीम में सफेद चॉकलेट, पुदीने का पेस्ट, पुदीने का अर्क, व्हीपिंग क्रीम और चॉकलेट चिप्स मिलाकर जमा लें।