दिल्ली के स्ट्रीट फूड का उठाना चाहते हैं लुत्फ? इन बाजारों का जरूर करें रुख
क्या है खबर?
दिल्ली का जायका न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां चटपटी चाट से लेकर गर्मा-गर्म पराठों तक, सभी प्रकार के स्ट्रीट फूड मिलते हैं।
दिल्ली के लोगों की सुबह छोले-भटूरे से होती है, शाम मोमो खा कर ढलती है और रात दालमखनी का स्वाद चखकर पूरी होती है।
अगर आप दिल्ली की यात्रा पर जा रहे हैं और यहां के लजीज स्ट्रीट फूड का स्वाद चखना चाहते हैं तो इन मशहूर बाजारों का रुख करें।
#1
चांदनी चौक
चांदनी चौक पुरानी दिल्ली का एक लोकप्रिय बाजार है, जो अपने स्ट्रीट फूड के लिए सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है।
आपने कभी न कभी यहां की पराठे वाली गली के बारे में जरूर सुना होगा, जहां विभिन्न प्रकार के पराठे मिलते हैं। यह बाजार खान-पान के शौकीनों के लिए जन्नत से कम नहीं है।
यहां आपको दौलत की चाट, छोले भटूरे, जलेबी, दही भल्ले और लस्सी जैसे तमाम पकवान चखने का मौका मिल जाएगा।
#2
मजनू का टीला
इन दिनों मजनू का टीला की भी खूब चर्चा होने लगी है, जो अपने तिब्बती और भूटानी स्ट्रीट फूड के लिए जाना जाता है।
यहां आकर आपको लाफिंग, रामेन, मोमो, दातशी और सुशी जैसे तमाम एशियाई व्यंजन खाने को मिल जाएंगे।
इसके अलावा, आपको इस बाजार में कॉर्न डॉग और किमची जैसा कोरियाई खाना भी मिल जाएगा।
इतना ही नहीं, यह बाजार झोल मोमो, थुकपा, वाई-वाई और कोथे मोमो जैसे नेपाली व्यंजनों के लिए भी मशहूर है।
#3
जामा मस्जिद
जामा मस्जिद दिल्ली का एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जिसके पास शानदार स्ट्रीट फूड बाजार लगता है।
वैसे तो यह बाजार मांसाहारी लोगों के लिए बढ़िया रहता है, लेकिन यहां कई लजीज शाकाहारी पकवान भी मिलते हैं।
यहां मिलने वाला मोहब्बत का शरबत गर्मी के दिनों में स्वाद और ठंडक का अनोखा मेल पेश करता है।
आप यहां आकर कबाब, बिरयानी, मलाई टिक्का, मावा जलेबी, शाही टुकड़ा और लच्छा पराठा जैसे पकवानों का आनंद ले सकते हैं।
#4
कनॉट प्लेस
कनॉट प्लेस नई दिल्ली के प्रमुख वित्तीय और व्यावसायिक केंद्रों में से एक है। यहां हमेशा लोगों की भीड़ लगी रहती है, जो इस स्थान का स्ट्रीट फूड बड़े ही चाव से खाते हैं।
यहां आपको बड़े-बड़े रेस्टोरेंट से लेकर स्ट्रीट फूड स्टाल तक, सभी मिल जाएंगे। यहां आकर आपको चाट, कुलचे, छोले-भटूरे, फालूदा, भेलपुरी और पराठे जरूर खाने चाहिए।
इनके अलावा, इस बाजार में मिलने वाली कोल्ड कॉफी, मिनी समोसे और डोसा भी मशहूर हैं।
#5
करोल बाग
अपने चहल-पहल भरे बाजार के लिए मशहूर करोल बाग भी कई लजीज स्ट्रीट फूड की श्रृंखला पेश करता है।
इस बाजार में खरीदारी करते समय अगर अपने रोशन की कुल्फी और फालूदा नहीं खाया तो आपको बहुत पछतावा होगा।
यहां के छोले-भटूरे, चाट, मूंगलेट, पास्ता और अप्पम का स्वाद भी आपकी जुबान पर चढ़ जाएगा। करोल बाग में दिल वाली टिक्की भी मिलती है, जो सभी को पसंद आती है।