Page Loader
दुनिया के सबसे खूबसूरत फूल, जिनकी सुंदरता के आगे फीके पड़ जाते हैं अन्य पुष्प 

दुनिया के सबसे खूबसूरत फूल, जिनकी सुंदरता के आगे फीके पड़ जाते हैं अन्य पुष्प 

लेखन सयाली
Mar 31, 2025
01:31 pm

क्या है खबर?

लोग अक्सर सुंदर लोगों और चीजों की तुलना फूलों से करते हैं, क्योंकि उनकी खूबसूरती वाकई सराहनीय होती है। वैसे तो दुनियाभर में लाखों फूल खिलते हैं, लेकिन कुछ चुनिंदा पुष्प अपनी असीम सुंदरता के लिए जाने जाते हैं। नीदरलैंड के ट्यूलिप से लेकर जापान के चेरी ब्लॉसम तक, इन 5 फूलों का नाम दुनिया के सबसे खूबसूरत फूलों की सूची में शामिल होता है। आइए जानें ये सभी फूल कहां-कहां खिलते हैं।

#1

ट्यूलिप

ट्यूलिप मध्य एशिया के मूल निवासी हैं, जिन्हें सबसे पहले ईरान में उगाया गया था। ये कप के आकार के फूल होते हैं, जो सफेद, गुलाबी, लाल, नारंगी या पीले जैसे रंगों में उगते हैं। इस फूल की दुनियाभर में 3,000 प्रजातियां उगाई जाती हैं और सभी एक से बढ़कर एक दिखती हैं। नीदरलैंड में ट्यूलिप के बागान मौजूद हैं, जहां कतारों में अलग-अलग रंगों वाले ट्यूलिप को उगाया जाता है। ऐसा ही एक बागान कश्मीर में भी स्थित है।

#2

आर्किड

आर्किड का नाम लिए बिना सबसे सुंदर फूलों की सूची पूरी नहीं हो सकती। ये फूल एशियाई और पश्चिमी दोनों संस्कृतियों में एकता, सुंदरता और प्रेम का प्रतीक माने जाते हैं। इनकी खासियत इनका आकार, रूप, रंग और बनावट है, जो किसी अन्य पुष्प से मेल नहीं खाते। इस फूल को आप किसी भी स्थान पर आसानी से उगा सकते हैं, फिर चाहे वह ट्रॉपिकल तापमान वाली जगह हो या आपके घर का बगीचा ही क्यों न हो।

#3

चेरी ब्लॉसम

जैसे ही वसंत का आगमन होता है, वैसे ही जापान की सड़कें गुलाबी रंग के फूलों से ढक जाती हैं। इन फूलों को चेरी ब्लॉसम कहा जाता है, जिनकी सुंदरता का पूरी दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। यह फूल सकूना नाम के पेड़ पर उगते हैं और इनका मौसम मार्च से लेकर मई तक रहता है। जापानी संस्कृति में इनका खास महत्त्व होता है, जहां इन्हें जीवन, नवीकरण और वसंत के आगमन का प्रतीक माना जाता है।

#4

दिल के आकार वाला फूल 

जापान, दक्षिण कोरिया, साइबेरिया और चीन में एक अनोखा फूल पाया जाता है, जिसे लैम्प्रोकैप्नोस स्पेक्टेबिलिस कहते हैं। इन्हें दिल के आकार का फूल या ब्लीडिंग हार्ट नाम से भी जाना जाता है। इनका अकार बिलकुल एक दिल की तरह होता है और इनमें बूंदों जैसी दिखने वाली सफेद टिप लटकती रहती हैं। ये फूल खास तौर से वसंत के मौसम में उगते हैं और इन्हें देखकर ऐसा लगता है मानो इनमें परियां रहती हों।

#5

कृष्णकमल

कृष्णकमल भारत में उगने वाला एक ऐसा फूल है, जिसका इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है। ये बैंगनी, लाल और सफेद रंग के फूल होते हैं। इनमें ऊपर की ओर रोएं जैसी पंखुड़ियां होती हैं और नीचे तरफ कमल जैसी पंखुड़ियां होती हैं। इसे राखी फूल भी कहते हैं, क्योंकि इसकी बनावट किसी राखी जैसी दिखती है। माना जाता है कि इस फूल के जरिए सुख, शांति और समृद्धि आती है।