रात को सोने से पहले लगाएं ये 5 तरह की नाइट क्रीम, जानिए बनाने का तरीका
क्या है खबर?
त्वचा की देखभाल करना केवल दिन के समय ही नहीं, बल्कि रात में भी जरूरी होता है। जिस तरह दिन में सनस्क्रीन लगानी चाहिए, उसी तरह रात के वक्त नाइट क्रीम लगाकर ही सोना चाहिए।
बाजार में कई रासायनिक नाइट क्रीम उपलब्ध हैं, लेकिन आप इन्हें अपने घर पर भी तैयार कर सकते हैं। इस लेख में हम आपको 5 तरह की नाइट क्रीम बनाने का आसान तरीका बतांएगे।
इन्हें लगाने से आपकी त्वचा मुलायम और निखरी हुई रहेगी।
#1
घी और शहद की नाइट क्रीम
घी में मौजूद तत्व त्वचा को नमी प्रदान करते हैं और शहद त्वचा को हाइड्रेट करने में मदद करता है।
अगर, आप इन दोनों पदार्थों से बनी नाइट क्रीम लगाएंगे तो आपको झुर्रियों से छुटकारा मिल जाएगा।
इसे बनाने के लिए सबसे पहले घी को गर्म करके पिघला लें। अब कटोरे में पिघली हुई घी और शहद को मिलाकर एक साफ कंटेनर में भर लें।
रोजाना सोने से पहले इसे चेहरे पर लगाएं और निखरी हुई त्वचा पाएं।
#2
दूध की नाइट क्रीम
दूध की मलाई त्वचा को साफ करती है, नमी प्रदान करती है और आराम पहुंचाती है। इसमें लैक्टिक एसिड मौजूद होता है, जो आपकी त्वचा को चिकना करने के साथ-साथ महीन रेखाओं और झुर्रियों को भी कम कर सकता है।
इसकी नाइट क्रीम बनाने के लिए मिक्सी में दूध, एक चम्मच गुलाब जल, एक चम्मच जैतून का तेल और एक चम्मच ग्लिसरीन मिला लें।
इस मिश्रण को एक साफ कंटेनर में भर लें और हर रात इस्तेमाल करें।
#3
एलोवेरा की नाइट क्रीम
एलोवेरा मुंहासों के उपचार में मदद करता है और बढ़ती उम्र के लक्षणों को भी कम करता है। इसमें एंटी-एजिंग और मॉइस्चराइजिंग गुण होते हैं और यह एमिनो एसिड से भी लैस होता है।
इन तत्वों के कारण यह त्वचा को मुलायम भी बना सकता है। एलोवेरा के पौधे से ताजा जेल निकालें और उसे एक चम्मच लैवेंडर तेल और एक चम्मच गुलाब जल के साथ मिलाएं।
इस क्रीम को कंटेनर में भरें और सोने से पहले लगाना न भूलें।
#4
जैतून के तेल की नाइट क्रीम
जैतून का तेल त्वचा की नमी को बनाए रखने में मदद करता है और निखार को बढ़ाता है।
इस क्रीम को बनाने के लिए एक पैन में जैतून का तेल गर्म करें और उसमें नारियल का तेल और बी वैक्स मिला दें।
जब यह क्रीम ठंडी हो जाए और उसकी स्थिरता गाढ़ी हो जाए तब इसे एक साफ कंटेनर में भर लें। इसे फ्रिज में रखकर जमा लें और रोजाना रात को इस्तेमाल करें।
#5
ग्रीन टी की नाइट क्रीम
ग्रीन टी में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो आपकी त्वचा को हानिकारक UV किरणों से बचा सकते हैं।
इसकी असरदार क्रीम तैयार करने के लिए सबसे पहले बी वैक्स और बादाम के तेल को पिघला लें। दूसरी ओर एक बर्तन में ग्रीन टी बनाकर उसे ठंडा होने के लिए रख दें।
एक बर्तन में ग्रीन टी, बी वैक्स, बादाम का तेल, गुलाब जल, लैवेंडर तेल और एलोवेरा का रस मिलाकर कंटेनर में भर लें।