आम के सीजन में बच्चों को बनाकर खिलाएं इस फल की 5 आइसक्रीम, आसान हैं रेसिपी
क्या है खबर?
आम गर्मी का सबसे पसंदीदा फल है, जो न केवल स्वाद का भंडार होता है, बल्कि कई स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करता है।
इस फल को ऐसे ही खाने के साथ-साथ लोग इसके कई स्वादिष्ट व्यंजन बनाना भी पसंद करते हैं।
हालांकि, गर्मी के मौसम में आम की आइसक्रीम सबसे ज्यादा अच्छी लगती है। अगर आपके बच्चे आइसक्रीम खाने की जिद कर रहे हैं तो उन्हें आम की ये 5 आइसक्रीम बनाकर खिलाएं।
इन सभी की रेसिपी भी आसान हैं।
#1
आम वाली कुल्फी
कुल्फी भारत की अपनी आइसक्रीम है, जिसके स्वाद का कोई मुकाबला ही नहीं किया जा सकता। आम वाली कुल्फी बनाने के लिए सबसे पहले कुछ आमों की गुठली निकालकर उनमें सुराख बना लें।
अब एक कड़ाही में दूध गर्म करें और उबाल आने पर उसमें चीनी, इलायची पाउडर, मेवे और केसर मिला दें। इसमें आम की पियूरी और आम के टुकड़े डालें और ठंडा करके आमों में भरकर जमा लें।
भरे हुए आमों को काटें और कुल्फी का आनंद लें।
#2
आमची आइसक्रीम
इंटरनेट पर आमची आइसक्रीम की बहुत चर्चा होने लगी है, जो आम के आकार की आइसक्रीम होती है। यह बिलकुल समूचे आम जैसी दिखती है, जिसकी बाहरी परत सफेद चॉकलेट की होती है।
इसके लिए एक आम की गुठली निकालकर उसे फ्रिज में सेट करें। अब ब्लेंडर में आम, कंडेंस्ड दूध, मलाई और दूध डालकर मिक्स कर लें और आम में भरकर रातभर जमने दें।
इसे छीलकर इसपर सफेद चॉकलेट की परत लगाएं और जमाकर खाएं।
#3
आम पन्ना पॉपसिकल
अगर आपको आम से ज्यादा अमिया पसंद है तो उससे आम पन्ना पॉपसिकल बनाकर खाएं। ये मिनटों में बनकर तैयार हो जाती हैं और बच्चों को खास तौर से पसंद आती हैं।
इसके लिए कच्चे आमों के डंठल निकालकर उन्हें भाप में पकाएं। अब उन्हें छीलकर उनका पल्प निकालें और मिक्सी में डालें।
इसमें चीनी, काली मिर्च का पाउडर, जीरा पाउडर, काला नमक, पुदीने की पत्तियां और पानी डालकर पीस लें। मिश्रण को आइसक्रीम के सांचों में डालकर जमा लें।
#4
आम की लस्सी वाली आइसक्रीम
यूं तो आम, लस्सी और आइसक्रीम गर्मी के 3 पसंदीदा व्यंजन हैं, लेकिन आप इन्हें एक साथ मिलाकर आम की लस्सी वाली आइसक्रीम बना सकते हैं।
इसके लिए आम को छीलकर काट लें और मिक्सी में चीनी के साथ पीस लें। इसमें ताजा दही, कंडेंस्ड दूध और इलायची पाउडर डालकर दोबारा पीसें।
इस मिश्रण को एक एयर टाइट कंटेनर में भरकर फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। आप चाहें तो इसमें आम के टुकड़े भी डाल सकते हैं।
#5
मैंगो चीजकेक आइसक्रीम
समझ नहीं आ रहा कि आपको आम का चीजकेक खाना चाहिए या आइसक्रीम? आप इन व्यंजनों को मिलाकर नई आइसक्रीम तैयार कर सकते हैं।
चीजकेक बेस बनाने के लिए एक कटोरे में क्रीम चीज, व्हिपड क्रीम, पिसी चीनी, मलाई और वेनिला का अर्क मिलाएं।
एक कटोरे में आम की पियूरी निकालें और उसमें धीरे-धीरे करके क्रीम चीज वाला मिश्रण मिलाते जाएं। इस मिश्रण को एक एयर टाइट कंटेनर में डालें, ऊपर से बिस्कुट का चूरा छिड़कें और जमा लें।