आम की इन 4 विदेशी किस्मों का स्वाद होता है बेहतरीन, जानिए इनकी खासियत
क्या है खबर?
भारत में आम को फलों का राजा कहा जाता है और गर्मियों में इसकी कई किस्में बाजार में उपलब्ध होती हैं। ज्यादातर लोग लंगड़ा, दसहरी और हापुस जैसे देसी आम खाते हैं। हालांकि, भारत के बाहर भी आम की कई किस्में मिलती हैं। इनमें से कुछ तो इतनी बड़ी होती हैं कि एक आम खाने से पेट भर जाता है। आइए आज हम आपको आम की 4 खास किस्मों के बारे में बताते हैं, जो विदेशों में उगाई जाती हैं।
#1
केंट आम
केंट आम फ्लोरिडा और ब्राजील में पैदा होने वाला एक ऐसा आम है, जिसका स्वाद बहुत ही मीठा होता है। यह आम बेहद रसीला होता है और इसका छिलका गहरे हरे से पीले रंग का होता है। इनकी उत्पत्ति 1938 में फ्लोरिडा में हुई थी और अब ये पेरू, इक्वाडोर और मैक्सिको से निर्यात होते हैं। ये बड़े आकार वाले आम होते हैं और ये सर्दियों में भी मिलते हैं।
#2
अटाउल्फो आम
अटाउल्फो आम मेक्सिको की एक खास तरह की किस्म है, जिसे हनी आम भी कहते हैं। ये छोटे, गुर्दे के आकार के और पीले छिलके वाले आम होते हैं। इनकी पहचान इनके मलाईदार, मक्खन जैसे और बिना रेशे वाले गूदे से होती है। इस आम का स्वाद बहुत मीठा होता है और इसमें खट्टी सुगंध और मसाले का हल्का-सा स्वाद भी मिलता है। पका हुआ अताउल्फो आम छूने में बहुत नरम और सुगंधित होना चाहिए।
#3
मनिला आम
मनिला फिलीपींस में पाया जाने वाला छोटे आकार का आम है, जो स्वाद में मीठा और रसीला होता है। इसकी बाहरी परत हरी और अंदर का हिस्सा पीला होता है। इस आम का उपयोग ज्यादातर फिलीपीन मिठाइयों और पेय में किया जाता है। इसे दुनिया के सबसे मीठे आम के रूप में मान्यता भी दी गई है। इस आम का पौधा बीज की मदद से आसानी से उगाया जा सकता है, जो 2-3 सालों में फल देने लगता है।
#4
टॉमी एटकिंस आम
टॉमी एटकिंस आम मैक्सिको, फ्लोरिडा, ब्राजील और पेरू जैसे देशों में पाया जाने वाला एक बड़े आकार का आम है। इस आम की बाहरी परत लाल और हरे रंग की होती है, जबकि अंदर से यह पीले रंग का होता है। टॉमी एटकिंस आम का गूदा काफी गाढ़ा और मलाईदार होता है। इसका उपयोग सलाद से लेकर पेय तक, कई तरह के व्यंजनों में किया जा सकता है। आपको यह आम आसानी से अमेरिका में भी मिल जाएगा।