Loading...
आंख की रोशनी गई, 200 छर्रे लगे; कौन हैं साहिल लोचब, जिन्हें लेकर थाने पहुंचे राहुल?
साहिल लोचब 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन लगने से घायल हो गए थे

आंख की रोशनी गई, 200 छर्रे लगे; कौन हैं साहिल लोचब, जिन्हें लेकर थाने पहुंचे राहुल?

लेखन आबिद खान
Aug 21, 2026
07:47 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज फिर सड़क पर उतर आए। वे दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन से घायल हुए साहिल लोचब को लेकर थाने पहुंच गए। उनकी मांग थी कि पुलिस साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज करे। इस दौरान घंटों तक हंगामा चलता रहा। 20 जुलाई को छात्र प्रदर्शन के दौरान साहिल पेलेट गन से घायल हो गए थे। आइए साहिल के बारे में जानते हैं।

परिचय

कौन हैं साहिल लोचब?

19 साल के साहिल दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के रहने वाले हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के छात्र हैं।

वे मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं। साहिल के पिता ड्राइवर का काम करते हैं और वे अपने 3 भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं।

साहिल SSC दिल्ली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और 2024-25 में हुए पेपर लीक से प्रभावित हुए थे।

भगत सिंह

भगत सिंह से प्रेरित हैं 19 वर्षीय साहिल

द हिंदू से बात करते हुए उनके दोस्तों और परिवार के सदस्यों ने बताया कि साहिल पुलिस अधिकारी बनना चाहते थे और वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे थे।

उनके दोस्तों ने बताया कि साहिल शहीद भगत सिंह की विचारधारा से बेहद प्रेरित हैं और शिक्षा संबंधी मुद्दों पर मुखर रहे हैं।

वे पेपर लीक से प्रभावित हुए थे और इसी के चलते कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने गए थे।

ADVERTISEMENT

चोट

प्रदर्शन में कैसे चोटिल हो गए साहिल?

20 जुलाई को CJP का 'संसद मार्च' हिंसक हो गया था। तब पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे, लाठीचार्ज किया और पेलेट गन भी चलाई। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पुलिस पेलेट गन चलाने से इनकार करती है।

इस दौरान साहिल भी पेलेट गन की चपेट में आ गए। घायल होने पर पहले उन्हें लेडी होर्डिंग मेडिकल कॉलेज और फिर जय प्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया।

ADVERTISEMENT

मेडिकल रिपोर्ट

मेडिकल रिपोर्ट में 200 से ज्यादा छर्रे लगने की बात

AIIMS ट्रॉमा सेंटर की मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, साहिल के चेहरे, गर्दन, छाती और आंखों में 200 से ज्यादा छर्रे लगे हैं। सबसे गंभीर चोट उनकी दाईं आंख में आई हैं, जहां 3 छर्रे सीधे कॉर्निया को चीरते हुए धंस गए।

डॉक्टरों का कहना है कि उनकी आंख की 99 प्रतिशत रोशनी चली गई है और इसके वापस लौटने की संभावना न के बराबर है।

डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि ये चोटें पेलेट गन से ही आई हैं।

बयान

परिजनों ने कहा- तिरंगा लहरा रहे थे साहिल

पहले साहिल के परिवार ने बताया था कि प्रदर्शन के दौरान वे तिरंगा लहरा रहे थे, तभी आंख में पैलेट आकर धंस गया।

साहिल की मां ज्योति ने बताया कि पैलेट आंख में घुस गया। वहीं, डॉक्टरों ने परिवार को बताया था कि उस आंख की रोशनी लौटने की संभावना केवल एक प्रतिशत है।

इस बीच साहिल की 2 बार सर्जरी भी की जा चुकी है। दावा है कि कई छर्रे अभी भी साहिल के शरीर में धंसे हुए हैं।

ADVERTISEMENT