Loading...
पश्चिम बंगाल: बीरभूम के होटल में आग लगने से 7 लोगों की मौत, कई अन्य घायल
बीरभूम जिले में होटल में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई

पश्चिम बंगाल: बीरभूम के होटल में आग लगने से 7 लोगों की मौत, कई अन्य घायल

Aug 17, 2026
09:54 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारापीठ से एक बेहद दर्दनाक हादसे हुआ है। सोमवार सुबह तारापीठ मंदिर के पास स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसे हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हादसा

कैसे हुआ यह हादसा?

पुलिस के अनुसार, तारापीठ पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित तालाब के किनारे बने 4 मंजिला होटल बिदेशिनी के भूतल पर सुबह करीब 4:30 बजे आग लग गई। आग लगने के समय होटल में मौजूद अधिकांश मेहमान सो रहे थे।

अचानक फैली आग और धुएं के कारण होटल के कमरों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसके कारण 7 लोगों को जान बचाने का मौका भी नहीं मिला।

बचाव

कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

दमकलकर्मियों और स्थानीय पुलिस ने होटल परिसर के भीतर फंसे हुए घायल मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

ADVERTISEMENT

कारण

क्या रहा हादसे का कारण?

दमकल विभाग के शुरुआती आकलन के मुताबिक, आग की मुख्य वजह इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

पुलिस और प्रशासन ने हादसे की असली वहज को जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

बता दें कि तारापीठ एक बड़ा तीर्थस्थल है जहां रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता तारा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस हादसे के बाद होटल के सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए।

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें होटल में आग के बाद का वीडियो

ADVERTISEMENT