LOADING...
H-1B वीजा के लिए प्रारंभिक पंजीकरण अगले महीने से शुरू, जानिए कितना है शुल्क
H-1B वीजा के लिए अगले महीने से पंजीकरण शुरू होगा

H-1B वीजा के लिए प्रारंभिक पंजीकरण अगले महीने से शुरू, जानिए कितना है शुल्क

लेखन गजेंद्र
Feb 20, 2025
04:31 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में H-1B वीजा के लिए प्रारंभिक पंजीकरण अवधि अगले महीने 7 मार्च से शुरू होगी और 24 मार्च को समाप्त हो जाएगी। यह पंजीकरण वित्तीय वर्ष 2026 के लिए होगा। अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (USCIS) ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 H-1B कैप में वित्त वर्ष 2025 में शुरू की गई लाभार्थी-केंद्रित चयन प्रक्रिया का उपयोग किया जाएगा। अमेरिकी वित्त वर्ष 1 अक्टूबर से शुरू होगा। बता दें, इस वीजा के मुख्य लाभार्थी भारतीय हैं।

शुल्क

क्या है वीजा का शुल्क?

USCIS ने बताया कि H-1B वीजा के लिए पंजीकरण शुल्क 215 अमेरिकी डॉलर यानी 18,624 रुपये है। संघीय एजेंसी का कहना है कि H-1B वीजा के लिए प्रारंभिक पंजीकरण अवधि 7 मार्च को दोपहर 12 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे) से शुरू होगी और 24 मार्च को दोपहर 12 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे) तक चलेगी। इस दौरान संभावित याचिकाकर्ताओं और प्रतिनिधियों को चयन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक लाभार्थी को USCIS ऑनलाइन खाते का उपयोग करना होगा।

वीजा

क्या है H-1B वीजा?

H-1B वीजा गैर-अप्रवासी वीजा है, जिसके तहत अमेरिकी कंपनियां दक्ष कर्मचारियों को अपने यहां नौकरियां देती हैं। हर साल 65,000 वीजा जारी होते हैं। आमतौर पर इन व्यवसायों के लिए सैद्धांतिक या तकनीकी विशेषज्ञता वाले लोगों की जरूरत होती है। हर साल अमेरिकी कंपनियां इसी वीजा के सहारे भारत-चीन समेत कई देशों से हजारों पेशेवरों को नौकरी पर रखती हैं। ये वीजा 3 साल के लिए जारी होता है और इसे अगले 3 साल के लिए नवीनीकृत किया जाता है।