LOADING...
अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, अमेरिका आने का न्योता दिया
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की

अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, अमेरिका आने का न्योता दिया

लेखन आबिद खान
May 23, 2026
05:29 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं। ये उनकी पहली आधिकारिक भारत यात्रा है। आज सुबह उनका विमान कोलकाता में उतरा, जहां भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया। रुबियो ने कोलकाता में मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा किया और मदर टेरेसा को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच एक घंटे से ज्यादा समय तक चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री का बयान

क्या हुई चर्चा?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'रुबियो का स्वागत कर मुझे खुशी हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति और क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। भारत-अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।' भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में अमेरिका-भारत संबंधों को और गहरा करने पर हुई चर्चा काफी सार्थक रही। रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का न्योता दिया है।

बयान

रुबियो बोले- भारत बेहतरीन सहयोगी और साझेदार

भारत के लिए निकलने से पहले रुबियो ने कहा, "भारत के साथ काम करने के लिए बहुत कुछ है; वे हमारे बेहतरीन सहयोगी और साझेदार हैं। हम उनके साथ बहुत अच्छा काम करते हैं, इसलिए यह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण है। हम भारत को उतनी ऊर्जा बेचना चाहते हैं, जितनी वे खरीद सकें। वेनेज़ुएला से तेल के संबंध में भी कई अवसर मौजूद हैं। मेरा मानना ​​है कि वेनेज़ुएला के अंतरिम राष्ट्रपति अगले सप्ताह भारत की यात्रा पर आ रहे हैं।"

Advertisement

अहमियत

क्यों अहम है रुबियो का दौरा?

अमेरिका-ईरान युद्ध, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के नजरिए से ये दौरा अहम है। ईरान युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमतें अस्थिर बनी हुई हैं। ऐसे में ऊर्जा सुरक्षा से संबंधित चर्चाएं होने की उम्मीद है। रुबियो की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका बढ़ती भूराजनीतिक अनिश्चितता के बीच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है।

Advertisement

क्वाड

क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भी शामिल होंगे रुबियो

रुबियो 26 मई को दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। इसमें हिंद-प्रशांत सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है। हिंद-प्रशांत में सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने और स्थिरता बनाए रखने के लिए क्वाड का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। कल यानी 26 मई को वे भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

दौरा

कैसा रहेगा रुबियो का आज का दिन?

रुबियो कोलकाता, आगरा, जयपुर और दिल्ली की यात्रा करेंगे। कोलकाता में उन्होंने मदर टेरेसा द्वारा स्थापित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मुख्यालय मदर हाउस और संगठन द्वारा संचालित एक बाल गृह का दौरा किया। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शाम को वे अमेरिकी दूतावास के सपोर्ट एनेक्स भवन के उद्घाटन समारोह में भाषण देंगे और सर्जियो गोर द्वारा आयोजित रूजवेल्ट हाउस में एक स्वागत समारोह में भी शामिल होंगे।

Advertisement