LOADING...
बंगाल: समलैंगिक होने के शक में लोहे की छड़ से जलाए गए दो महिलाओं के गुप्तांग
पश्चिम बंगाल में समलैंगिक महिलाओं के गुप्तांगो को जलायां

बंगाल: समलैंगिक होने के शक में लोहे की छड़ से जलाए गए दो महिलाओं के गुप्तांग

Nov 08, 2022
05:54 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में समलैंगिक होने के शक में लोहे की छड़ से दो महिलाओं के गुप्तांग जलाने का मामला सामने आया है। आरोपियों में दो युवक तो पीड़िता के रिश्तेदार ही हैं। पीड़िता ने आरोपियों पर उनका रेप करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है। तीन में से एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं बाकी दो आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

मामला

बचपन से ही साथ रहती हैं दोनों लड़कियां

मामला मुर्शिदाबाद के सागरदिघी पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले एक गांव का है। पीड़ित लड़की यहां अपनी दादी के साथ रहती है और उसकी बचपन से ही दूसरी लड़की के साथ दोस्ती है। पीड़िता की मां ने बताया कि दोनों लड़कियों को एक-दूसरे का साथ पसंद है और वो एक-दूसरे का सपोर्ट करती हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को उनकी ये नजदीकी पसंद नहीं थी और वो उनके संबंधों पर सवाल उठाते थे।

बयान

दोस्त की तबीयत खराब होने पर उसके घर रुकी पीड़िता, रात को आ धमके आरोपी

अपने बयान में पीड़िता ने बताया, "मैं और मेरी दोस्त हर दिन मिलते थे और बीड़ी बांधते थे। लेकिन वो 25 अक्टूबर को नहीं आई। रात में उसने मुझे कॉल किया और अपने पास बुलाया। उसके पेट में बहुत दर्द हो रहा था।" अपनी दोस्त की तबीयत खराब देखकर पीड़िता ने रात को उसी के घर रुकने का फैसला किया। रात को पीड़िता के दो रिश्तेदार एक स्थानीय युवक के साथ लड़कियों के कमरे में घुस गए।

Advertisement

घटनाक्रम

आरोपियों ने लड़कियों के साथ सोने पर उठाए सवाल, बेरहमी से पीटा

शिकायत के अनुसार, लड़कियों के कमरे में घुसकर आरोपियों ने उनके एक ही बेड पर सोने पर सवाल खड़े किए और उन्हें समलैंगिक बताया। जब एक लड़की ने कहा कि वो दोस्त हैं तो आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया और फिर लोहे की गरम छड़ों से उनके गुप्तांग जला दिए। सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि आरोपियों ने लड़कियों के कपड़े उतारने और उनका रेप करने की कोशिश भी की।

Advertisement

धमकी

आरोपियों ने दी किसी को बताने पर रिलेशन को उजागर करने की धमकी

सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित लड़कियों को ये धमकी भी दी कि अगर उन्होंने घटना के बारे में किसी को बताया तो वो सबको बता देंगे कि वो दोनों समलैंगिक हैं। धमकी के बावजूद पीड़ितों ने सोमवार को सागरदिघी थाने में मामला दर्ज करा दिया, जिसके बाद पूरी वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने औथुआ गांव से साहेबुल शेख नामक स्थानीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं कदम और साहेब नामक पीड़िता के रिश्तेदार अभी भी फरार हैं।

बयान

पीड़िता की दोस्त ने स्वीकारी दोनों के बीच समलैंगिक रिलेशनशिप होने की बात

इस बीच पीड़िता की दोस्त ने दोनों के बीच समलैंगिक संबंध होने की बात स्वीकार कर ली है। उसने कहा, "हम रिलेशनशिप में हैं। किसी ने हमें रोका नहीं। अगर हमें रोका गया होता तो हम ऐसा नहीं करते। उन तीनों ने हमारे साथ छेड़छाड़ की, हमें असहज रूप से छुआ और हमारा रेप करने की कोशिश की।" उन्होंने आरोपियों पर पीड़िता के पेट और जांघों पर चोट लगाने का आरोप भी लगाया।

Advertisement