दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा, कोटा के नजदीक ट्रेवलर पलटने से 8 की मौत
क्या है खबर?
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां ट्रेवलर पलटने से 8 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हादसा आज सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। ट्रेवलर एक टोल नाके से पहले पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गई। हादसे में 17 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसा
ट्रेवलर का अगला हिस्सा पिचका, यात्री फंसे
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजे कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। ट्रेवलर भोपाल से खाटूश्याम जा रही थी।
बताया गया कि कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर बस पुलिया से नीचे नाले में गिर गई। हादसे में ट्रेवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस की सीटों के बीच फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने कांच तोड़कर बाहर निकाला।
नींद
ड्राइवर की भी मौत, नींद लगने की आशंका
माना जा रहा है कि ड्राइवर की झपकी लग गई थी, जिसके चलते ये हादसा हुआ। वहीं, घटना में ड्राइवर की भी मौत हो गई है।
7 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की अस्पताल में मौत हो गई।
मृतकों के नाम अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, राजू हैं। पीड़ितों में मध्य प्रदेश के भोपाल और बैतुल के लोग बताए जा रहे हैं।