Loading...
विदेश मंत्री जयशंकर ने अजरबैजान के राष्ट्रपति से की मुलाकात, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?
अजरबैजान के राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री जयशंकर

विदेश मंत्री जयशंकर ने अजरबैजान के राष्ट्रपति से की मुलाकात, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

लेखन आबिद खान
Oct 23, 2026
07:24 pm

क्या है खबर?

विदेश मंत्री एस जयशंकर अजरबैजान के दौरे पर हैं। उन्होंने बाकू में राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से बातचीत की। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने अपने देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। इसके अलावा जयशंकर अपनी अजरबैजानी समकक्ष जेयहुन बायरामोव से भी मिले। इस बैठक में दोनों के बीच कनेक्टिविटी और उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारों समेत कई दूसरे मुद्दों पर चर्चा हुई। 2018 के बाद ये किसी भारतीय विदेश मंत्री की पहली अजरबैजान यात्रा है।

मुद्दे

विदेश मंत्री के साथ किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

बायरामोव के साथ बैठक में निवेश, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन, शिक्षा, विज्ञान और सांस्कृतिक सहयोग सहित द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई।

अजरबैजानी विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने अजरबैजान के पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारों, बाकू-त्बिलिसी-कार्स रेलवे, बाकू बंदरगाह और अलाट मुक्त आर्थिक क्षेत्र पर चर्चा की।

दोनों ने संयुक्त राष्ट्र, SCO और एशिया में सहयोग और विश्वास निर्माण उपायों पर सम्मेलन (CICA) के जरिए बहुपक्षीय सहयोग और क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा की।

बयान

अजरबैजान बोला- आपसी हित के कई द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर हुई चर्चा

अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने कहा, "चर्चा में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र और SCO के भीतर सहयोग पर बात हुई। विदेश मंत्री बायरामोव ने अपने समकक्ष को दक्षिण काकेशस में हो रहे घटनाक्रमों, अजरबैजान-आर्मेनिया के बीच सामान्यीकरण प्रक्रिया और विश्वास-निर्माण उपायों के बारे में जानकारी दी। अजरबैजान के मुक्त क्षेत्रों में पुनर्निर्माण प्रयासों और बारूदी सुरंगों के खतरे पर भी चर्चा हुई। मंत्रियों ने आपसी हित के अन्य द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी बात की।"

ADVERTISEMENT

जयशंकर का बयान

जयशंकर बोले- आपसी संबंध मजबूत करने पर बनी सहमति

जयशंकर ने कहा, 'आज बाकू में अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मुलाकात हुई। हमने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की। इस साझा प्रयास के प्रति उनके सकारात्मक विचारों की मैं सराहना करता हूं।'

वहीं, विदेश मंत्री के साथ बैठक के बाद जयशंकर ने कहा, "हम राजनीतिक परामर्श को गहरा करने, यहां यात्राओं का आदान-प्रदान करने, आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने, कनेक्टिविटी विकसित करने और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर सहमत हुए हैं।"

ADVERTISEMENT

संबंध

'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान बिगड़ गए थे भारत-अजरबैजान संबंध

पहलगाम हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' पर अजरबैजान के रुख के कारण दोनों देशों के संबंध बिगड़ गए थे। अजरबैजान उन देशों में से था, जिसने 'ऑपरेशन सिंदूर' का खुले तौर पर विरोध किया था।

इसी साल अप्रैल में विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बाकू का दौरा किया था।

अब जयशंकर अजरबैजान के दौरे पर हैं। इसे संबंधों में नई शुरआत के तौर पर देखा जा रहा है।

ADVERTISEMENT