Page Loader
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान में झारखंड में आई तकनीकी खराबी, दूसरे विमान से दिल्ली रवाना
झारखंड में प्रधानमंत्री के विमान में तकनीकी खराबी आई (फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान में झारखंड में आई तकनीकी खराबी, दूसरे विमान से दिल्ली रवाना

लेखन आबिद खान
Nov 15, 2024
05:45 pm

क्या है खबर?

झारखंड में चुनावी रैली के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान में तकनीकी खराबी आ गई है। इस वजह से विमान को देवघर हवाई अड्डे पर ही रोकना पड़ा है। उन्हें रैली के बाद देवघर से दिल्ली आना था, लेकिन विमान में खराबी के चलते उनकी प्रस्तावित यात्रा में देरी हुई है। इसके बाद उन्हें एक दूसरे विमान से दिल्ली रवाना किया गया है। तकनीकी जांच टीमें खराब विमान की देखरेख में जुटी है।

दूसरा विमान

दिल्ली से भेजा गया दूसरा विमान

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री दोपहर 2:20 बजे से देवघर में ही फंसे थे। उनकी सुरक्षा में तैनात SPG ने उन्हें एयरपोर्ट लॉन्ज तक जाने की अनुमति नहीं दी थी, जिसके चलते वे विमान में ही थे। इस बीच जवानों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा भी बढ़ा दी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री के लिए दिल्ली से एक दूसरा विमान देवघर भेजा गया। खराब विमान को देवघर एयरपोर्ट पर ही छोड़ दिया गया है।

रैली

झारखंड में चुनावी रैली के लिए गए थे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने गए हुए थे। यहां उन्होंने 2 रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने आदिवासी समुदाय की तारीफ करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। बता दें कि आज आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है। इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के तौर पर मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा को याद करते हुए एक्स पर उनसे जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया।

ट्विटर पोस्ट

सुनिए क्या बोले मोदी

बयान

प्रधानमंत्री ने आदिवासी समुदाय को लेकर क्या कहा?

रैली में प्रधानमंत्री ने कहा, "आदिवासी समाज वो है, जिसने राजकुमार राम को भगवान राम बनाया। आदिवासी समाज वो है, जिसने देश की संस्कृति और आजादी की रक्षा के लिए सैकड़ों साल की लड़ाई को नेतृत्व दिया। हमारी सरकार ने आदिवासी विरासत के लिए अनेक कदम उठाए हैं। आदिवासी कला और संस्कृति के लिए समर्पित अनेक लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया है। रांची में भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर विशाल संग्रहालय की शुरुआत की है।"

राहुल गांधी

राहुल गांधी का विमान भी फंसा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का विमान भी झारखंड के गोड्डा में करीब एक घंटे फंसा रहा। दरअसल, उनके हेलीकॉप्टर को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली थी। इस दौरान राहुल हेलीकॉप्टर में बैठकर लोगों के साथ फोटो खींचवाते रहे। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि झारखंड में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा की वजह से ही राहुल के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी जा रही है।