नशा-विरोधी कार्यकर्ता की हत्या के बाद पंजाब बंद: स्कूल-बाजार नहीं खुले, हाईवे जाम; SHO सस्पेंड
क्या है खबर?
नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद पंजाब में स्थिति तनावपूर्ण है। हत्या के विरोध में आज सुबह 6 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक पंजाब बंद बुलाया गया है। राज्य के लगभग सभी बड़े शहरों में इसका असर देखने को मिल रहा है। लुधियाना, पठानकोट, गुरदासपुर, बठिंडा, मानसा और जालंधर में सभी स्कूल और बाजार बंद रहे। लोगों ने कई जगहों पर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत दर्जनों सड़कों पर चक्काजाम कर दिया।
रास्ते
प्रदर्शनकारियों ने ये रास्ते बंद किए
बठिंडा में चंडीगढ़ हाईवे बंद है।
फरीदकोट में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे को भी प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया। इस दौरान कई लोग हिरासत में लिए गए।
लुधियाना का चंडीगढ़ रोड भी बंद है। मलेरकोटला रोड पर किसानों ने चक्काजाम किया है।
भीखी में मानसा-सुनाम नेशनल हाईवे बंद है।
खरड़ में चंडीगढ़ हाईवे बंद है। यहां बसों की लंबी लाइन लग गई है। चंडीगढ़-लुधियाना जाने वाली बसें फंस गई हैं।
होशियारपुर में अमृतसर-दिल्ली हाईवे भी जाम कर दिया गया है।
कार्रवाई
SHO सस्पेंड, DSP के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश
मानसा के SSP वैभव चौधरी ने मानसा सिटी थाना-2 की SHO बेअंत कौर को सस्पेंड कर दिया है।
वहीं, DSP हरजिंदर सिंह गिल के खिलाफ जांच के लिए DGP कार्यालय को सिफारिश की गई है।
इस बीच अमृतसर के गोल्डन गेट पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला जलाया। कुछ और जगहों पर भी मुख्यमंत्री का पुतला जलाया गया।
लुधियाना में भी एक प्रदर्शनकारी ने जालंधर बाईपास और लाधोवाल में मुख्यमंत्री मान के पोस्टर उतार दिए।
बयान
DIG हरजीत बोले- आम दिनचर्या प्रभावित नहीं
बठिंडा रेंज के DIG हरजीत सिंह ने कहा, "किसी भी तरह की कोई रोक-टोक नहीं है। सामान्य जनजीवन में जो आपातकालीन सेवाओं की आवश्यकता होती है, उसमें बाधा न पड़े। प्रदर्शनकारियों के साथ भी हमारा ताल-मेल है। प्रयास यही होगा कि आमजन की दिनचर्या किसी भी तरह से प्रभावित न हो। अलग-अलग जगह पर हम परिस्थिति के अनुसार कार्रवाई कर रहे हैं लेकिन किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक तौर पर परेशान नहीं किया जा रहा है।"
शव
परिवार ने शव लेने से इनकार किया, पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ
परिजनों ने झोटा का शव लेने से भी इनकार कर दिया है। उनका शव अभी भी मानसा के सिविल अस्पताल में ही है और अभी तक पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ है। परिवार ने अभी तक पोस्टमार्टम के लिए भी सहमति नहीं दी है।
इस बीच बठिंडा रेंज के DIG हरजीत सिंह ने झोटा के परिवार से मुलाकात कर उनके अंतिम संस्कार के बारे में चर्चा की, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई।
मांगें
क्या हैं परिजनों की मांगें?
हत्याकांड की CBI जांच कराई जाए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान और GDP गौरव यादव इस्तीफा दें।
मानसा के SSP, DSP और SHO के खिलाफ FIR दर्ज की जाए।
हत्याकांड में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई की जाए।
घटना के दौरान घायल हुए लोगों को सरकार आर्थिक मदद दे।
परिजनों ने कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं की जाएगी, तब तक वे झोटा के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
हत्याकांड
मेडिकल स्टोर संचालक ने झोटा को मारी थी गोली
13 अक्टूबर को नशे के खिलाफ काम कर रहे झोटा की मानसा में मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी कुमार ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से पंजाब में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं।
पुलिस ने अश्विनी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।
बीते दिन उसके मेडिकल स्टोर को बुलडोजर से गिराया गया था। इसके बाद भीड़ ने स्टोर में आग लगा दी थी।
उसके एक घर पर भी बुलडोजर चला था।