कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 11,919 संक्रमित, कई हफ्ते बाद बढ़े सक्रिय मामले
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 11,919 नए मामले सामने आए और 470 मरीजों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,44,78,517 हो गई है। इनमें से 4,64,623 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,28,762 हो गई है।
सरकार का कहना है कि तीसरी लहर से बचने के लिए लोगों को दिसंबर तक विशेष सावधानी बरतनी होगी।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 11,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,242 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,38,85,132 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.28 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,32,505 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 62.82 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,26,875 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,40,668 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 50,77,984 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 36,475 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 29,92,584 मामलों और 38,161 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,17,203 मामलों और 36,324 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य है।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 1,003 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 32 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह केरल में 6,849 लोगों को संक्रमित पाया गया और 388 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई हफ्तों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।
कर्नाटक में 308 मामले सामने आए और आठ मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 782 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 13 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,14,46,32,851 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 73,44,739 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 25.49 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 25.49 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 51.23 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.74 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.67 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.20 करोड़ संक्रमितों में से 6.12 लाख मरीजों की मौत हुई है।