Page Loader
पश्चिम बंगाल: विरोध-प्रदर्शन के बीच ममता बनर्जी का ऐलान, बोलीं- रेप के खिलाफ नया कानून लाएंगे
ममता बनर्जी ने रेप के खिलाफ नया कानून लाने की घोषणा की

पश्चिम बंगाल: विरोध-प्रदर्शन के बीच ममता बनर्जी का ऐलान, बोलीं- रेप के खिलाफ नया कानून लाएंगे

लेखन गजेंद्र
Aug 28, 2024
03:13 pm

क्या है खबर?

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर के रेप और हत्या के बाद पश्चिम बंगाल में लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। मंगलवार को छात्रों के 'नबन्ना अभिजन' आंदोलन और बुधवार को भाजपा द्वारा बुलाए गए बंगाल बंद के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार ऐसा कानून लाएगी, जिससे रेप पीड़िताओं को 10 दिनों में न्याय मिलेगा।

घोषणा

ममता बनर्जी ने क्या कहा?

कोलकाता में TMC छात्र परिषद की रैली में मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, "हम अगले हफ्ते विधानसभा सत्र बुलाएंगे और रेप पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए अपराधियों को 10 दिन में मृत्युदंड सुनिश्चित करने को विधेयक पारित करेंगे और इसे राज्यपाल के पास भेजेंगे। अगर राज्यपाल इसे पारित नहीं करेंगे तो हम राजभवन के बाहर धरना देंगे। विधेयक को पारित किया जाना चाहिए, राज्यपाल इस बार जवाबदेही से बच नहीं सकते। ऐसे अपराध के लिए केवल फांसी ही सजा है।"

बयान

बंगाल बंद पर बनर्जी ने भाजपा को निशाने पर लिया

मुख्यमंत्री बनर्जी ने कार्यक्रम को आरजी कर अस्पताल की महिला डॉक्टर को समर्पित करते हुए कहा कि वह उसके लिए तत्काल न्याय की मांग करती हैं। उन्होंने भाजपा द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के बंगाल बंद को राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल को बदनाम करने और यहां माहौल खराब करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अत्याचारी पार्टी है और उनको प्रधानमंत्री के खिलाफ बंद बुलाना चाहिए।