लखनऊ हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद? दावा- दिव्या मांग रही थी डेढ़ करोड़ रुपये गुजारा भत्ता
क्या है खबर?
लखनऊ के दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या मामले में नए खुलासे हुए हैं। अब तक की जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया है। SBI के कर्मी मानस बाजपेयी और उनकी पत्नी दिव्या मिश्रा के बीच वैवाहिक संबंधों में मुटाव था। दोनों ने तलाक के लिए भी अर्जी दायर की थी, जिस पर 18 अगस्त को ही सुनवाई हुई थी। इस दौरान दिव्या ने कथित तौर पर भारी-भरकम राशि की मांग की थी।
रिपोर्ट
ननद के साथ नहीं रहना चाहती थी दिव्या- रिपोर्ट
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती जांच में घटना की बड़ी वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। तलाक की सुनवाई के बीच दिव्या ने मानस से डेढ़ करोड़ रुपये गुजारा भत्ते की मांग की थी।
रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि दिव्या मानस की मानसिक तौर पर बीमार बहन शीबा के साथ नहीं रहना चाहती थी। शीबा की भी मानस ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
शादी
दोनों की 9 साल पहले शादी हुई, 3 साल से अलग थे
पुलिस ने बताया कि मानस और दिव्या की शादी 9 साल पहले हुई थी, लेकिन वे पिछले 3 साल से अलग रह रहे थे। दिव्या ने पिछले साल तलाक के लिए अर्जी दी थी।
18 अगस्त को फैमिली कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई थी। तब दंपत्ति के बीच गुजारे भत्ते को लेकर विवाद हुआ था।
रिपोर्ट के मुताबिक, इससे परेशान होकर मानस ने पत्नी और बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने की योजना बना ली।
बहन
मानस ने क्यों की बहन की हत्या?
मानस ने पहले पत्नी की हत्या की फिर 2 किलोमीटर दूर घर जाकर बहन को भी गोली मार दी।
मानस की बहन मानसिक तौर पर बीमार थी और बीते कुछ दिनों से उसकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी। उसकी देखभाल को लेकर मानस का दिव्या से भी विवाद होता था।
मानस को डर था कि उसके जाने के बाद बहन का ध्यान कौन रखेगा। संभवत: इसी वजह से उसने बहन को भी मार दिया।
पिस्टल
3 पिस्टल साथ लेकर पहुंचा था मानस
पुलिस ने कहा है कि मानस ने 3 हथियारों का इस्तेमाल किया था। गोमती नगर में उसके घर से 2 पिस्तौल और एक देसी .32 बोर का हथियार बरामद किया गया है।
फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि मानस ने दिव्या को सिर के पिछले हिस्से में गोली मारी थी। वहीं, शीबा के कान के निचले हिस्से के दाईं ओर गोली लगी। मानस ने भी अपने कान के निचले हिस्से के दाईं ओर खुद को गोली मारी।
घटनाक्रम
पहले पत्नी-बहन की हत्या, फिर खुद को मारी गोली
20 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे मानस ICICI बैंक पहुंचा, जहां दिव्या काम करती थी। यहां उसने पहले दिव्या से कुछ देर बात की फिर गोली मार दी।
इसके बाद वो करीब 2 किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा। यहां दरवाजा बंद कर टीवी में हनुमान चालिसा लगाई। फिर अपनी बहन को भी गोली मार दी।
इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली। आवाज सुन पड़ोसी और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।