Page Loader
वीडियो: भारतीय नौसेना ने फिर रचा इतिहास, पनडुब्बी रोधी हेलीकॉप्टर पहली बार INS विक्रांत पर उतरा
भारतीय नौसेना का रोमियो हेलीकॉप्टर INS विक्रांत पर उतरा (तस्वीर: ट्विटर/@indiannavy)

वीडियो: भारतीय नौसेना ने फिर रचा इतिहास, पनडुब्बी रोधी हेलीकॉप्टर पहली बार INS विक्रांत पर उतरा

लेखन गजेंद्र
May 31, 2023
06:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय नौसेना ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए MH-60 रोमियो हेलीकॉप्टर को स्वदेशी युद्धपोत INS विक्रांत पर सफलतापूर्वक उतारा। नौसेना की ओर से इसकी लैंडिंग का एक वीडियो भी जारी किया गया है। MH-60 रोमियो एक मल्टीरोल हेलीकॉप्टर है, जो खोज और बचाव के अलावा एंटी-सबमरीन (पनडुब्बी रोधी) और एंटी-शिप मिशन में सक्षम है। लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित रोमियो हेलीकॉप्टर को दुनिया के सबसे उन्नत पनडुब्बी रोधी हेलीकॉप्टरों में से एक माना जाता है।

सफलता

भारत ने दिया है 24 हेलीकॉप्टरों का ऑर्डर

सभी मौसम के अनुकूल रोमियो हेलीकॉप्टर कई मिशनों में सक्षम है और इसे नौसेना के युद्धपोतों पर तैनात किया जाएगा। यह नौसेना के ब्रिटिश निर्मित सीकिंग हेलिकॉप्टरों की जगह लेगा, जो 1971 से हेलीकॉप्टर बेड़े का हिस्सा हैं। भारत ने 90.5 करोड़ डॉलर के सरकारी सौदे में 24 हेलिकॉप्टरों का ऑर्डर अमेरिका को दिया है। भारतीय नौसेना में अभी 2 रोमियो हेलीकॉप्टर हैं। कुछ दिन पहले सुपरसोनिक लड़ाकू विमान मिग-29K की रात में INS विक्रांत पर लैंडिंग की गई थी।

ट्विटर पोस्ट

MH-60 रोमियो हेलीकॉप्टर की लैंडिंग का वीडियो देखें