Page Loader
भारत ने पाकिस्तान से आतंकी हाफिज सईद को सौंपने के लिए कहा
आतंकी हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की भारत ने की है मांग

भारत ने पाकिस्तान से आतंकी हाफिज सईद को सौंपने के लिए कहा

लेखन गजेंद्र
Dec 29, 2023
05:28 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से मुंबई हमले के साजिशकर्ता और आतंकी हाफिज सईद को सौंपने को कहा है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हाफिज सईद भारत में कई मामलों में वांछित है। वह संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादी भी है। हमने इस संबंध में कई दस्तावेजों के साथ पाकिस्तान सरकार से अनुरोध किया है।"

अनुरोध

हाफिज सईद से जुड़े मामलों को देखा जा रहा है- बागची

बागची ने आगे कहा, "हमने पाकिस्तान सरकार से कहा कि उसका प्रत्यर्पण किया जाए ताकि उस पर भारत से जुड़े मामलों पर मुकदमा चलाया जा सके। हम उन गतिविधियों के मुद्दों को भी चिन्हित कर रहे हैं, जिसके लिए वह (सईद) वांछित है। यह अनुरोध कुछ हफ्ते पहले किया गया है।" बता दें कि पिछले दिनों पाकिस्तान के अखबार इस्लामाबाद पोस्ट ने हाफिज सईद के प्रत्यर्पण से जुड़ी खबर चलाई थी, जिसके बाद विदेश मंत्रालय ने इसका जवाब दिया है।

आतंकी

कौन है आतंकी हाफिज सईद

भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षित आतंकियों के हमले का मुख्य साजिशकर्ता सईद है। हमले में 6 अमेरिकी समेत 166 लोगों मारे गए थे। सईद लश्कर का संस्थापक है। इसके संगठन को अमेरिका ने आतंकी घोषित कर उसपर 1 करोड़ डॉलर (83.16 करोड़ रुपये) का इनाम रखा है। सईद आतंकी फंडिंग मामले में पाकिस्तान जेल में है। बता दें, सईद की पार्टी पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) पाकिस्तान के आम चुनाव में उतरेगी।