
पाकिस्तान की मीडिया का दावा- भारत ने आतंकी हाफिज सईद को सौंपने की मांग की
क्या है खबर?
भारत में मुंबई हमले का साजिशकर्ता और आतंकी हाफिज सईद को लेकर पाकिस्तान की मीडिया ने दावा किया है कि भारत ने औपचारिक रूप से उसके प्रत्यर्पण की मांग की है।
इस्लामाबाद पोस्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को भारत सरकार का अनुरोध प्राप्त हुआ है, जिसमें हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई है।
पाकिस्तान के मंत्रालय ने खबर का अभी न तो खंडन किया और न ही पुष्टि की है।
चुनाव
पाकिस्तान में चुनाव लड़ने जा रही है हाफिज की पार्टी
हाफिज मुहम्मद सईद 2019 से पाकिस्तान की जेल में बंद है, लेकिन फिर भी वह सरकार से लेकर सेना तक में अपनी पैठ बनाए हुए है।
सईद की पार्टी पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) फरवरी, 2024 में होने वाले आम चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है।
पार्टी की ओर से पाकिस्तान के सभी प्रांत के विधानसभा से उम्मीदवार उतारा जाएगा। सईद का बेटा तल्हा सईद भी लाहौर सीट से चुनाव लड़ सकता है।
आतंकी
अमेरिका ने रखा है सईद पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम
भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के प्रशिक्षित आतंकियों द्वारा किए गए हमले का मुख्य साजिशकर्ता सईद है। उस हमले में 6 अमेरिकी समेत 166 लोगों की जान गई थी।
सईद LeT का संस्थापक है। इसके संगठन को अमेरिका ने आतंकी घोषित किया है और सईद पर 1 करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम है।
सईद आतंकी फंडिंग मामले में जेल में बंद है। उसकी संपत्ति भी जब्त करने का आदेश कोर्ट ने दिया था।