Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन मिले 2.35 लाख नए मरीज, सक्रिय मामलों में गिरावट जारी
भारत में कोरोना वायरस के मामले।

कोरोना: देश में बीते दिन मिले 2.35 लाख नए मरीज, सक्रिय मामलों में गिरावट जारी

Jan 29, 2022
10:07 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,35,532 नए मामले सामने आए और 871 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,08,58,241 हो गई है। इनमें से 4,93,198 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 20,04,333 हो गई है। ये लगातार पांचवां ऐसा दिन है जब सक्रिय मामले घटे हैं। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण देश तीसरी लहर का सामना कर रहा है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 3.35 लाख मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 3,35,939 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,83,60,710 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 93.33 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 17,59,434 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 72.57 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 76,55,554 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,42,461 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 58,81,133 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 52,786 मौतें हुई हैं। इसी तरह 37,23,694 ​मामलों और 38,804 मौतों के साथ कर्नाटक और 32,79,284 मामलों और 37,460 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 25,248 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 103 मरीजों की मौत हुई। यहां ओमिक्रॉन वेरिएंट भी तेजी से अपने पैर पसार रहा है। केरल में 54,537 ​लोगों को संक्रमित पाया गया और 352 मरीजों की मौत दर्ज हुई। कर्नाटक में 31,198 मामले सामने आए और 50 मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 26,533 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 48 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

डाटा

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,65,04,87,260 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 60,13,999 खुराकें लगाई गईं। देश में स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन कर्मचारियों और बुजुर्गों को बूस्टर खुराक लगना शुरू हो गया है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 36.95 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 36.95 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 56.48 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 7.40 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 8.82 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.50 करोड़ संक्रमितों में से 6.26 लाख मरीजों की मौत हुई है।