Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन मिले 1,150 नए मरीज, 83 मौतें दर्ज
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन मिले 1,150 नए मरीज, 83 मौतें दर्ज

Apr 09, 2022
09:00 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,150 नए मामले सामने आए और 83 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,30,34,217 हो गई है। इनमें से 5,21,656 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 11,365 रह गई है। हालात बेहतर होते देख सरकार ने महामारी के कारण लगाई गई पाबंदियां खत्म कर दी हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए करीब 1,200 मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 1,194 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,25,01,196 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.76 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 4,66,362 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 79.35 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 78,74,948 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,47,810 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 65,35,401 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 68,339 मौतें हुई हैं। 39,45,900 मामलों और 40,057 मौतों के साथ कर्नाटक और 34,53,033 मामलों और 38,025 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 130 लोगों को संक्रमित पाया गया और चार मरीजों को जान गंवानी पड़ी। केरल में 353 ​लोगों को संक्रमित पाया गया और 75 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इनमें पुरानी मौतों को भी शामिल किया गया है। कर्नाटक में 77 मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हुई, वहीं तमिलनाडु में 22 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,85,55,07,496 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 14,79,544 खुराकें लगाई गईं। देश में 12 साल से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 49.72 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 49.72 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 61.74 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 8.04 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 9.85 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 3.01 करोड़ संक्रमितों में से 6.61 लाख मरीजों की मौत हुई है।