Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन संक्रमित पाए गए 11,106 लोग, जारी है सक्रिय मामलों में गिरावट
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन संक्रमित पाए गए 11,106 लोग, जारी है सक्रिय मामलों में गिरावट

Nov 19, 2021
10:17 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 11,106 नए मामले सामने आए और 459 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,44,89,623 हो गई है। इनमें से 4,65,082 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,26,620 हो गई है। सरकार का कहना है कि तीसरी लहर से बचने के लिए लोगों को दिसंबर तक विशेष सावधानी बरतनी होगी।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 12,000 से अधिक मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,789 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,38,97,921 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.28 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,38,699 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 62.93 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,27,838 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,40,692 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 50,84,095 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 36,847 मौतें हुई हैं। इसी तरह 29,92,897 ​मामलों और 38,165 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,17,978 मामलों और 36,336 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य है।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 963 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 24 मरीजों की मौत हुई। इसी तरह केरल में 6,111 लोगों को संक्रमित पाया गया और 372 मरीजों की मौत दर्ज हुई। यहां बीते कई हफ्तों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक में 313 मामले सामने आए और चार मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 775 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 12 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,15,23,49,358 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 72,94,864 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 25.60 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 25.60 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 51.31 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.75 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.68 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.20 करोड़ संक्रमितों में से 6.12 लाख मरीजों की मौत हुई है।