LOADING...
भारत और पाकिस्तान के 117 लोगों ने मोदी-शहबाज को लिखा पत्र, टकराव खत्म करने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने दिसंबर 2015 में पाकिस्तान में तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात की थी (फाइल तस्वीर)

भारत और पाकिस्तान के 117 लोगों ने मोदी-शहबाज को लिखा पत्र, टकराव खत्म करने की अपील

लेखन गजेंद्र
Jul 01, 2026
04:59 pm

क्या है खबर?

भारत और पाकिस्तान के 117 लोगों ने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों को पत्र लिखकर टकराव को कम करने और रिश्तों को बेहतर बनाने के प्रयास शुरू करने की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को लिखे पत्र में बातचीत का रास्ता चुनने की अपील है, ताकि दक्षिण एशिया में शांति और विकास का माहौल बन सके। जिन 117 हस्तियों ने पत्र लिखा है, उसमें दोनों देशों के पूर्व अधिकारी, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं।

अपील

भारत के 61 और पाकिस्तान के 56 लोगों के हस्ताक्षर

यह पहल सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस के अध्यक्ष ओपी शाह ने की है। भारत की ओर से पत्र में 61 हस्ताक्षर हैं, जिसमें जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सांसद मनोज झा, मणिशंकर अय्यर, रॉ के पूर्व प्रमुख एएस दुलत और विधायक हुमायूं कबीर शामिल हैं। पाकिस्तान की ओर से पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी, पूर्व राजनयिक अशरफ जहांगीर काजी, वैज्ञानिक परवेज हूदभॉय समेत 56 ने हस्ताक्षर किए हैं।

पत्र

पत्र में क्या लिखा है?

पत्र में कहा गया है कि भारत-पाकिस्तान दुनिया की करीब एक-पांचवीं आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसमें बड़ी संख्या युवाओं की है। ये तनाव उनके रोजगार, शांति, खुशी और विकास में बाधा बन रहा है। पत्र में अपील की गई है कि दक्षिण एशिया में शांति, सामान्य हालात, बातचीत और सहयोग वापस लाने के लिए सही और लगातार कदम उठाए जाएं। उन्होंने तत्काल कूटनीतिक संबंध बहाल करने, वीजा सेवा शुरू करने, संवाद और व्यापार शुरू करने की मांग की है।

Advertisement

पहल

मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही की थी पहल

प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में पद ग्रहण करने के बाद 25 दिसंबर, 2015 को लाहौर जाकर तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात की थी। जो रिश्ते सुधारने की पहल थी। हालांकि, 2 जनवरी, 2016 को पठानकोट आतंकी हमला हो गया और द्विपक्षीय वार्ता बंद हो गई। फिर 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने पर पाकिस्तान बौखला गया। इससे पहले पुलवामा हमला और पिछले साल पहलगाम हमले ने दोनों रिश्तों को तल्ख किया और युद्ध की नौबत तक आ गई।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

पत्र आया सामने

Advertisement