LOADING...
तुर्की के खिलाफ भारत सरकार का बड़ा कदम, सेलेबी एविएशन की सुरक्षा मंजूरी रद्द की
भारत ने तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी है

तुर्की के खिलाफ भारत सरकार का बड़ा कदम, सेलेबी एविएशन की सुरक्षा मंजूरी रद्द की

लेखन आबिद खान
May 15, 2025
06:47 pm

क्या है खबर?

देश में चल रहे तुर्की के बहिष्कार अभियान के बीच सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भारत सरकार के विमानन मंत्रालय के अधीन काम करने वाले ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BoCA) ने तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन सर्विसेज की सुरक्षा मंजूरी को रद्द कर दिया है। BoCA ने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है। हालांकि, इस संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।

संचालन

9 हवाई अड्डों पर ग्राउंड गतिविधियों का संचालन करती है सेलेबी

सेलेबी एविएशन एकीकृत ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं में विशेषज्ञता रखती है। ये रैंप हैंडलिंग, यात्री और कार्गो संचालन, गोदाम प्रबंधन, पुल संचालन, सामान्य विमानन और प्रीमियम एयरपोर्ट लाउंज सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी भारत में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, गोवा, कोचीन और कन्नूर सहित 9 प्रमुख हवाई अड्डों पर परिचालन करती है। यहां सेलेबी सालाना 58,000 से अधिक उड़ानों और 5.40 लाख टन कार्गो को संभालती है। इसके लिए कंपनी ने 7,800 कर्मचारी तैनात किए हैं।

विरोध

शिवसेना ने किया था कंपनी का विरोध

आज ही शिवसेना (शिंदे गुट) ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज हवाई अड्डे पर ने प्रदर्शन कर यहां से सेलेबी कंपनी की सेवाएं हटाने की मांग की थी। इस दौरान विधायक मुरजी पटेल ने कहा था, "एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में हम मुंबई में चल रही सभी तुर्की की कंपनियों को बंद करवाने का काम करेंगे। भारत से पैसा कमाकर पाकिस्तान की मदद करना महाराष्ट्र में नहीं चलेगा। हमने उन्हें कार्रवाई करने के लिए 10 दिन का समय दिया है।"