TMC के पूर्व विधायक सनत डे गिरफ्तार, चुनावी हिंसा के मामले में हुई कार्रवाई
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से शनिवार को बड़ी खबर सामने आई है। नैहाटी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक सनत डे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर जबरन वसूली, अवैध रूप से जमीन हड़पने, साल 2021 के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव 2024 के बाद हुई हिंसा में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस ने उन्हें सुबह दत्तपुकुर से पकड़ा और फिर अपने साथ नैहाटी थाने ले गई।
गिरफ्तारी
कैसे हुई सनत की गिरफ्तारी?
पुलिस कई दिनों से सनत की तलाश में जुटी थी, लेकिन वह फरार थे। सुबह उनके दत्तापुकुर इलाके में एक गुप्त घर में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की खबर मिलते ही भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक नैहाटी थाने पहुंच गए और जब उन्हें पुलिस की गाड़ी में ले जाया जा रहा था, तो भीड़ ने उनके खिलाफ जमकर 'चोर-चोर' के नारे लगाना शुरू कर दिया। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप
सनत पर क्या-क्या हैं आरोप?
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सनत पर चुनावी हिंसा में शामिल होने के साथ बड़े पैमाने पर रंगदारी (जबरन वसूली) करने और जमीनें हड़पने के कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।
वह 2024 के उपचुनाव में नैहाटी सीट से विधायक चुने गए थे, जब वहां के तत्कालीन विधायक और पूर्व मंत्री पार्थ भौमिक बैरकपुर से सांसद बनकर लोकसभा चले गए थे।
हालांकि, हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें 10,000 से अधिक वोटों से हार झेलनी पड़ी थी।
बयान
अर्जुन सिंह बोले- सभी आरोपों की हो जांच
गिरफ्तारी पर नोआपाड़ा से विधायक और राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा, "सनत नैहाटी में मुख्य रूप से वसूली करने वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। विधायक बनने के बाद उनका बिना निवेश वाला कारोबार और बढ़ गया। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रशासन धन्यवाद का पात्र है। हम उनके सभी कथित अपराधों की पूरी जांच चाहते हैं।"
इधर, भाजपा नेता देबर्घ्य घोष ने ने सनत पर वसूली नेटवर्क चलाने का आरोप लगाया है।