विदेश मंत्री जयशंकर ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से की मुलाकात
क्या है खबर?
विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। इस दौरान विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग में काफी महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तिगत संदेश भी पुतिन को सौंपा। बता दें कि जयशंकर 2 दिवसीय रूस दौरे पर हैं।
बयान
जयशंकर ने प्रधानमंत्री का संदेश पुतिन को सौंपा
जयशंकर ने कहा, "हमारी अंतर-सरकारी आयोग की बैठक हुई। हमारे आर्थिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु और अन्य आयामों के बारे में भी मैं विस्तार से बात करना चाहूंगा। मुझे लगता है कि हमारे आर्थिक सहयोग में काफी वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री मोदी SCO शिखर सम्मेलन में आपसे मिलने, फिर BRICS शिखर सम्मेलन के लिए भारत में आपका स्वागत करने और उचित समय पर, आपकी आपसी सुविधा के अनुसार, वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित करने के लिए उत्सुक हैं।"
पुतिन का बयान
पुतिन बोले- भारत और रूस संबंध दशकों में विकसित हुए
जयशंकर का स्वागत करते हुए पुतिन ने कहा कि उनकी यात्रा भारत-रूस संबंधों की मजबूती को दर्शाती है, जो कई दशकों में विकसित हुए हैं।
पुतिन ने कहा , "आपसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। आज की आपकी यात्रा दशकों से रूस और भारत के बीच विकसित हुए संबंधों के स्तर को उजागर करती है। दोनों देश सरकार, संसदीय और आर्थिक चैनलों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग करना जारी रखे हुए हैं।"