
हिमाचल प्रदेश में बाढ़ से तबाही: 17 लोगों की मौत, 300 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश में बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। राज्य में बाढ़ की वजह से बीते एक हफ्ते में 17 लोगों की मौत हो गई है और 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश के मंत्री जगत सिंह नेगी ने ये जानकारी दी है। कुल्लू और धर्मशाला के कुछ हिस्सों में अचानक आई बाढ़ से ज्यादा नुकसान हुआ है। बिजली, मोबाइल नेटवर्क और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।
शव
कुल्लू: एक परिवार के 3 लोग बहे, 69 घंटे बाद एक शव मिला
25 जून को कुल्लू की सैंज घाटी में बादल फटने से बाढ़ आ गई थी। इसमें एक ही परिवार के 3 लोग बह गए थे। इनमें से 15 साल की लड़की का शव 69 घंटे बाद घर से 4 किलोमीटर दूर लकड़ियों के बीच फंसा हुआ बरामद हुआ है। एक किसान की नजर शव पर पड़ी थी। वहीं, लड़की के पिता और चाची अभी भी लापता हैं। इस बाढ़ में 8 कारें भी बह गई थीं।
कांगड़ा
कांगड़ा में 15-20 मजदूर बहे, 7 के शव बरामद
कांगड़ा जिले के खनियारा स्थित इंदिरा प्रियदर्शिनी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में मनूणी खड्ड में आई बाढ़ में 20 मजदूर बह गए थे। इनमें से 7 के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, बाकियों की तलाश जारी है। धर्मशाला के SDM मोहित रतन ने कहा, "हमारा बचाव अभियान अभी भी जारी है। 6 लोगों की पहचान हो गई है और उनके शव भी आ गए हैं। 2 लोग अभी भी लापता हैं और उन्हें खोजने की प्रक्रिया जारी है।"
आंकड़े
स्वतंत्र आंकड़ों में 30 से ज्यादा मौतों का अनुमान
वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बारिश के चलते 34 लोगों की मौत हो चुकी है और 75 से अधिक घायल हुए हैं। 20 से 28 जून के बीच सबसे ज्यादा 17 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई है। इसके अलावा अचानक आई बाढ़ में 7, बहने से 4, पहाड़ी से फिसल कर गिरने से 2, करंट लगने से 2, सांप के काटने से एक और अन्य कारणों से 1 व्यक्ति की जान गई है।
बयान
300 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ- मंत्री नेगी
नेगी ने कहा, "पिछली शाम से अब तक लगभग 37 सड़कें अवरुद्ध होने की सूचना मिली है और 47 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। फिलहाल कोई राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं है और बहाली का काम सक्रिय रूप से चल रहा है। कुछ इलाकों में छोटे पुल बह गए हैं। शुरुआती अनुमानों से पता चला है कि सिर्फ एक हफ्ते में भारी बारिश से 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।"
अलर्ट
6 जिलों में बाढ़ का ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के 6 जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 4 जिलो चम्बा, कुल्लू, मंडी व शिमला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में शिमला में हल्की बारिश, जबकि मंडी में 4, बिलासपुर में 0.5, धौलाकुआं में 1 और नेरी में 0.5 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। धर्मशाला में बूंदाबांदी हुई है।