Page Loader
पश्चिम बंगाल: NIA टीम के खिलाफ छेड़छाड़ और जबदस्ती घुसने का मामला दर्ज
NIA टीम के खिलाफ छेड़छाड़ और जबदस्ती घुसने का मामला दर्ज (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पश्चिम बंगाल: NIA टीम के खिलाफ छेड़छाड़ और जबदस्ती घुसने का मामला दर्ज

Apr 07, 2024
01:57 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम के खिलाफ पश्चिम बंगाल में छेड़छाड़ और जबरदस्ती घुसने का मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, NIA की एक टीम शनिवार को 2022 में हुए एक बम धमाके के सिलसिले में पूर्वी मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर में गई थी। इस टीम ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक मनोव्रत जना के परिजनों की शिकायतों के आधार पर NIA टीम के खिलाफ भूपतिनगर थाने में मामला दर्ज हुआ है।

मामला

NIA ने भी दी शिकायत

बम धमाके के मामले में गिरफ्तार किए गए जना तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता हैं। उनके परिजनों ने आरोप लगाया है कि NIA टीम ने देर रात उनके घर के दरवाजे तोड़े और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। दूसरी तरफ NIA टीम ने भी भूपतिनगर थाने में अपने ऊपर हुए हमले की शिकायत दी है। इस हमले में एक अधिकारी घायल हो गया था।

आरोप

ममता बनर्जी ने भी लगाया था NIA पर आरोप 

बम धमाके मामले में 2 लोगों की गिरफ्तारी को लेकर ममता बनर्जी ने NIA को घेरा था। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि उन्होंने (NIA ने) आधी रात को छापेमारी क्यों की? क्या उनके पास पुलिस की इजाजत थी? ये चुनाव से पहले लोगों को क्यों गिरफ्तार कर रहे हैं? उन्होंने यह भी कहा कि एजेंसी की टीम ने लोगों से मारपीट की थी। स्थानीय लोगों ने वैसे ही प्रतिक्रिया दी, जैसे किसी अजनबी के आने पर दी जाती है।