दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन के लिए चुकाने होंगे 1.21 लाख रुपये, तारीखें भी फुल
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने दिल्ली के जंतर-मंतर की प्रदर्शन स्थल के तौर पर मान्यता खत्म कर दी है और उसकी जगह 3 नए स्थल चिन्हित किए हैं, जिसमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का CBD ग्राउंड शामिल है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होता था, लेकिन रामलीला मैदान पर बड़े आयोजन या प्रदर्शन के लिए 1.20 लाख रुपये का शुल्क चुकाना पड़ सकता है। इसकी बुकिंग दिल्ली नगर निगम (MCD) का बागवानी विभाग करता है।
आयोजन
150 लोगों के प्रदर्शन के लिए निशुल्क जगह
रामलीला मैदान लगभग 50,000 लोगों की क्षमता वाला 12 एकड़ का मैदान है। इस पूरे मैदान की बुकिंग के लिए शुल्क लगता है।
मैदान का एक छोटा हिस्सा विरोध-प्रदर्शनों और सभाओं के लिए निशुल्क उपलब्ध है, लेकिन इसमें केवल 150 लोग आ सकते हैं।
बुकिंग शुल्क के कारण प्रदर्शन की योजना बना रहे संगठनों के लिए यह महंगा हो सकता है।
अगर मैदान को निशुल्क स्थल बनाया जाता है तो MCD को रोजाना 50,000 रुपये से अधिक का नुकसान होगा।
स्थान
दिसंबर तक मैदान खाली नहीं
विपक्षी INDIA गठबंधन और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) समेत तमाम संगठन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते रहते हैं, लेकिन रामलीला मैदान पर दिसंबर तक प्रदर्शन के लिए स्थान खाली नहीं है।
मैदान में इस समय दशहरा की तैयारियां चल रही हैं। इसके बाद दिवाली को लेकर भी वहां आयोजन होगा। ऐसे में अभी प्रदर्शन के लिए कोई तारीख नहीं है।
मैदान में इस वर्ष केवल 3 तारीख बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं, जो दिसंबर में 29, 30 और 31 तारीख है।
बुकिंग
कैसे होती है बुकिंग?
मैदान को 50,000 रुपये प्रति दिन के हिसाब से बुक किया जा सकता है, जिसमें 55,000 रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा जमा राशि होती है।
बागवानी विभाग को करों सहित, एक दिन की बुकिंग के लिए प्रारंभिक भुगतान 1.21 लाख रुपये करना होता है। बागवानी विभाग जमीन के उपयोग की अनुमति देता है।
नगर निगम द्वारा आवेदन को मंजूरी देने से पहले दिल्ली पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होता है।