LOADING...
दिल्ली के मुस्तफाबाद में बहुमंजिला इमारत ढहने से 11 लोगों की मौत
दिल्ली के मुस्तफाबाद में इमारत गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है

दिल्ली के मुस्तफाबाद में बहुमंजिला इमारत ढहने से 11 लोगों की मौत

लेखन आबिद खान
Apr 19, 2025
05:08 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया है। यहां के दयालपुर थाना क्षेत्र में आज तड़के एक बहुमंजिला इमारत ढहने से 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दलों ने 15 लोगों को बाहर निकाला है, जिनमें से 11 की मौत हो गई है और 4 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर अभी भी बचाव अभियान जारी है।

बयान

हादसे के बारे में अधिकारियों ने क्या बताया?

दिल्ली अग्निशमन विभाग के एक कर्मी ने कहा, "हमें रात करीब 2:50 बजे एक मकान के ढहने की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचे तो पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं।" उत्तर-पूर्वी जिले के एडिशनल DCP संदीप लांबा ने कहा, "घटना सुबह 3 बजे हुई। यह 4 मंजिला इमारत थी। फिलहाल बचाव अभियान जारी है। 8-10 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।"

पीड़ित

करीब 10 लोगों के फंसे होने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस इमारत में 3 से 4 परिवार रह रहे थे। मकान मालिक भी किरायदारों के साथ ही रहते थे। माना जा रहा है कि करीब 10 लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), डॉग स्क्वॉड, अग्निशमन विभाग और दिल्ली पुलिस के जवान बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। वहीं, स्थानीय लोग भी मलबा हटाने के लिए बचाव टीमों की मदद में जुटे हुए हैं।

ट्विटर पोस्ट

एम्बेड

वजह

क्या रही हादसे की वजह?

स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत बिल्कुल भी जर्जर नहीं थी, लेकिन ये मकान L आकार में बना था शायद इस वजह से इमारत ढह गई। इसके अलावा बीते दिन दिल्ली में तेज आंधी-तूफान भी आया था। माना जा रहा है कि इससे भी इमारत को नुकसान पहुंचा है। इमारत के मालिक का नाम तहसीन पुत्र यासीन बताया जा रहा है। वहीं, मृतकों की पहचान चांदनी, दानिश, रेशमा और नावेद के रूप में हुई है।

परिजन

पीड़ितों में एक ही परिवार के कई लोग शामिल

मृतकों में से एक के रिश्तेदार शहजाद अहमद ने कहा, "इमारत रात करीब 2.30-3 बजे गिरी। यह 4 मंजिला इमारत थी। मेरे 2 भतीजे मर गए हैं। मेरी बहन, बहनोई और भतीजी भी घायल हैं। वे GTB अस्पताल में भर्ती हैं।" बता दें कि बीते हफ्ते मधु विहार पुलिस स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 2 अन्य घायल हो गए थे। आंधी-तूफान के चलते ये दीवार गिरी थी।