Loading...
दिल्ली: संदिग्ध हालत में मिला रक्षा मंत्रालय की महिला अधिकारी का शव, पति पर प्रताड़ना के आरोप
दिल्ली में रक्षा मंत्रालय की एक महिला अधिकारी का शव फंदे पर लटका मिला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दिल्ली: संदिग्ध हालत में मिला रक्षा मंत्रालय की महिला अधिकारी का शव, पति पर प्रताड़ना के आरोप

लेखन आबिद खान
Aug 23, 2026
02:01 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के द्वारका में एक महिला का शव फंदे पर लटका पाया गया है। महिला की पहचान 30 वर्षीय नाजिया खान के तौर पर हुई है, जो रक्षा मंत्रालय में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि नाजिया 3 महीने की गर्भवती थीं। नाजिका के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके पति और ससुराल वाले उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके चलते उन्होंने ये कदम उठाया।

घटना

इसी साल अप्रैल में हुई थी नाजिया की शादी

इंडिया टुडे के मुताबिक, घटना 21 अगस्त की बताई जा रही है, जब नाजिया का शव उनके द्वारका स्थित घर फंदे पर लटका मिला। उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नाजिया रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (ASO) के तौर पर कार्यरत थीं। उनकी शादी इसी साल अप्रैल में आजम अली खान से हुई थी।

पति का कहना है कि नाजिया ने आत्महत्या की।

प्रताड़ना

पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक, नाजिया के पिता तौबाब खान ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को उसके पति आजम खान, सास सामिन निशा, ससुर बाबर अली खान और ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि वे नाजिया को गाली देते थे, शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे और उसे घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देते थे। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और जांच कर रही है।

ADVERTISEMENT

पति का बयान

पति बोले- झगड़े के बाद कमरे का दरवाजा बंद कर लिया

नाज़िया के पति आजम ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।

उसने कहा कि नाजिया ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और खुद दूसरे कमरे में चली गई। फिर उसने मकान मालिक को फोन किया, जो बालकनी में आया और सीढ़ी की मदद से उसे बाहर निकाला।

आजम ने कहा कि बाद में उसने खिड़की से देखा तो नाजिया छत पंखे से चुन्नी से लटकी हुई मिली।

ADVERTISEMENT

पुलिस

पुलिस बोली- कार्रवाई कर रहे

दिल्ली पुलिस ने कहा कि वे कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं और संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 (पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता) और 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।

पुलिस ने कहा कि SDM के समक्ष दिए बयान में दहेज का कोई आरोप नहीं था।

जानकारी

तनाव से जूझने पर यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

ADVERTISEMENT