दिल्ली: सत्येंद्र जैन न्यायिक हिरासत में भेजे गए, DJB से जुड़े घोटाले में हुए थे गिरफ्तार
क्या है खबर?
दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सत्येंद्र जैन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कल गिरफ्तार किए जाने के बाद आज जैन को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। उनके साथ 4 अन्य आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं, एक आरोपी अंकित श्रीवास्तव को 2 दिन के लिए भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) की हिरासत में भेजा गया है।
जैन
जैन के वकील बोले- गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित
कोर्ट में जैन के वकीलों ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी जायज नहीं हैं। वकीलों ने बताया कि जब से FIR दर्ज हुई है, तब से आरोपी से नाम मात्र का संपर्क किया गया है।
AAP की लीगल सेल के प्रमुख संजीव नासिर ने कहा, "जिस वक्त ये कथित घोटाला हुआ था, उस वक्त जैन पहले से ही ED और CBI की हिरासत में थे। जैन और बाकी लोगों की गिरफ्तारी का आदेश भाजपा कार्यालय से आया था।"
मामला
क्यों गिरफ्तार किए गए जैन?
ये मामला दिल्ली में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को अपग्रेड और क्षमता बढ़ाने के लिए जारी किए गए टेंडरों में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है।
आरोप है कि टेंडर की शर्तों में हेरफेर की गई और ऐसी परिस्थितियां बनाई गईं, जिससे कुछ खास कंपनियों को फायदा मिला। जब ये कथित घोटाला हुआ, तब जैन दिल्ली के जल मंत्री थे।
जैन के अलावा उदित प्रकाश राय, अंकित श्रीवास्तव, राजा कुमार कुर्रा, नागेंद्र यादव और पंकज वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है।