Page Loader
दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बंगले का नहीं होगा कायाकल्प, 60 लाख का टेंडर रद्द
दिल्ली की मुख्यमंत्री के बंगले का रिनोवेशन रद्द कर दिया गया है

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बंगले का नहीं होगा कायाकल्प, 60 लाख का टेंडर रद्द

लेखन आबिद खान
Jul 09, 2025
06:23 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आधिकारिक बंगले का रिनोवेशन रद्द कर दिया गया है। पहले इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की तरफ से 60 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया था, जिसे अब प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया गया है। बता दें कि मुख्यमंत्री गुप्ता को राज निवास मार्ग पर नया आधिकारिक बंगला नंबर 1 मिला था।

टेंडर

बंगले में लगना थे 14 एसी, 9 लाख के टीवी

4 जुलाई को मुख्यमंत्री के बंगले के रिनोवेशन के लिए करीब 60 लाख रुपये का टेंडर जारी हुआ था। इसके तहत बंगले में 14 एसी, 9 लाख के 5 टीवी, 6 लाख की लाइट, 5.74 लाख रुपये की लागत से 14 कैमरे, 2 लाख रुपये का UPS सिस्टम, 1.8 लाख रुपये में रिमोट कंट्रोल वाले 23 पंखे, 77,000 रुपये की एक ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन, 60,000 का डिशवॉशर और 63,000 का गैस चूल्हा समेत कई चीजें लगनी थीं।

AAP

AAP और कांग्रेस ने उठाए थे सवाल

इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कहा था, 'मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने 'मायामहल' पर करोड़ों खर्च कर रही हैं, जबकि दिल्लीवाले बिजली, पानी, महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।' कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा था, ''शीशमहल' करते-करते अपने लिए रंग महल बनवाया जा रहा है। बढ़िया वाले AC, महंगे झूमर, 5 TV, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, 115 लैंप और हैंगिंग लाइट्स और रिमोट कंट्रोल वाले 23 पंखे लगाए जा रहे हैं। मजे ही मजे!'